बरेली: शुरू हुआ फाल्गुन, गूंजने लगे फाग गीत, इन त्योहारों की कर लें तैयारी

अमृत विचार, बरेली। फाल्गुन माह की रविवार से शुरुआत हो गई। यह 28 मार्च तक चलेगा। इस माह में कई मुख्य त्योहार मनाए जाते हैं जिनमें होली, महाशिवरात्रि, फुलेरा दूज, फाल्गुन पूर्णिमा, फाल्गुन अमावस्या, रंगभरनी एकादशी व अन्य व्रत व पर्व शामिल हैं। हिंदू पंचांग के अनुसार, फाल्गुन साल का अंतिम महीना होता है। ये …
अमृत विचार, बरेली। फाल्गुन माह की रविवार से शुरुआत हो गई। यह 28 मार्च तक चलेगा। इस माह में कई मुख्य त्योहार मनाए जाते हैं जिनमें होली, महाशिवरात्रि, फुलेरा दूज, फाल्गुन पूर्णिमा, फाल्गुन अमावस्या, रंगभरनी एकादशी व अन्य व्रत व पर्व शामिल हैं। हिंदू पंचांग के अनुसार, फाल्गुन साल का अंतिम महीना होता है। ये खुशियों और उल्लास का प्रतीक माना जाता है। इस महीने से गर्मी के मौसम का आगमन हो जाता है। ज्योतिषाचार्यों की मानें तो इस दौरान, भगवान शिव, श्री कृष्ण, विष्णु व चंद्र देव की भी पूजा करने का विशेष महत्व है।
आनंद व उल्लास का महीना फाल्गुन रविवार से शुरू हो गया। हिंदू पंचांग के अनुसार यह साल का 12वां एवं आखिरी महीना है। फाल्गुन के महीने में ही शिवरात्रि का त्योहार आता है। इस कारण इस महीने का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व बहुत अधिक माना जाता है।
पं. सुनील ने बताया कि इस महीने में शिव-पार्वती और श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना का विशेष फल मिलता है। बताया कि होलाष्टक (जो होली से 8 दिन पहले शुरू होते हैं) में शुभ व मांगलिक कार्य पूरी तरह वर्जित होता है। इस बार होलाष्टक 21 मार्च से शुरू होंगे। हालांकि, इस महीने में आने वाले व्रत व त्योहार उत्साहपूर्वक मनाए जाते हैं।
बताया कि फाल्गुन के महीने में इस बार तीन प्रमुख व्रत व त्योहार हैं। 11 मार्च को महाशिवरात्रि मनाई जाएगी। 15 मार्च को फुलेरा दूज और 28 मार्च को होली है। फाल्गुन महीने में शीतल जल से स्नान करना चाहिए। इस महीने में नियमित रूप से श्रीकृष्ण भगवान की पूजा करनी चाहिए। होली को लेकर ग्रामीण क्षेत्र में भी फाग गीत गाए जाने रविवार से ही शुरू हो गए हैं।