रामपुर: अजीतपुर बाईपास पर डबल डेकर बस और ट्रक की भिड़ंत में 11 यात्री घायल

रामपुर, अमृत विचार। मंगलवार रात को अजीतपुर बाईपास पर डबल डेकर बस और ट्रक की भिड़ंत हो गई। जिसमें 11 यात्री घायल हो गए। मां बेटी की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाकी यात्री प्राथमिक उपचार के बाद घरों को चले गए। लोगों का कहना है कि बस चालक को नींद की झपकी लगने के कारण सड़क हादसा हुआ।
पानीपत से डबल डेकर बस सवारियों को लेकर हरदोई जा रही थी। जिसमें करीब 50 सवारियां थी। कुछ शाहजहांपुर की सवारियां भी बैठी थीं। चालक को नींद की झपकी लगने के कारण अजीतपुर बाईपास पर सामने से आ रहे ट्रक से बस टकरा गई। जिस कारण बस में बैठे 11 यात्री घायल हो गए। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। उसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। जिसमें 30 साल की नीलम और उसकी 8 वर्षीय बेटी वैशाली की ज्यादा चोट लगने के उसको डॉक्टरों ने भर्ती कर लिया। अन्य 9 यात्री प्राथमिक उपचार के बाद घरों को चले गए। सिविल लाइन इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि अभी तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर कार्रवाई होगी।
धड़ाम की आवाज के साथ यात्रियों की टूटी नींद
सभी यात्री आराम से पानीपत से हरदोई के लिए सफर करते हुए आ रहे थे। देर रात के कारण बहुत से यात्री सो गए थे। लेकिन अचानक से धड़ाम की आवाज के साथ यात्रियों की नींद टूट गई देखा, तो कुछ यात्रियों की चोट लग गई थी। सामान बस में नीचे पड़ा था। आगे का हिस्सा बस का क्षतिग्रस्त हो रखा था। यात्री चीख पुकार मचा रहे थे।
हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम
हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया था। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। उसके बाद क्षतिग्रस्त बस को क्रेन से एक किनारे लगवाया। उसके बाद जाम को खुलवाया। करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। उसमे सवार यात्रियों को दूसरी बस से भेजा गया। उसके बाद वाहन चालकों ने राहत की सांस ली।
ये भी पढ़ें - रामपुर: छत से गुजर रही थी HT लाइन...पतंग निकालने की कोशिश में झुलसा बालक