कानपुर में जमीन की खुदाई के दौरान ढही दीवार, छह लोग दबकर घायल, हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

कानपुर में जमीन की खुदाई के दौरान ढही दीवार, छह लोग दबकर घायल, हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

कानपुर, अमृत विचार। अनवरगंज थानाक्षेत्र में घनी आबादी वाले हालसी रोड में जमीन की खोदाई के दौरान बगल की दीवार ढहने से कारखाने में काम करने वाले तीन कर्मचारी और तीन अन्य लोग घायल हो गए। इस दौरान चीखपुकार से वहां पर हड़कंप मच गया। सूचना पर मौके पर अनवरगंज थाने का फोर्स और केडीए अधिकारी पहुंचे। आनन-फानन कड़ी मशक्कत कर छह लोगों को पास के अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के अनुसार कारखाना मालिक अवैध रूप से दूसरे के जर्जर भवन में रहकर काम करा रहा था वह फरार हो गया है, जल्द से जल्द उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

wall collapsed (2)       

हालसी रोड में विनोद जैन की वर्षों पुराने जर्जर भवन का निर्माण कराने के लिए 23 नवंबर 2020 की रात बेसमेंट में खोदाई करवा रहे थे। खोदाई के दौरान बगल के मकान का एक हिस्सा ढहने से वहां रहने वाले 70 वर्षीय राकेश शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए थे और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। मामले में केडीए ने आरोपी परिवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। बुधवार को फिर एक बार उसी जगह खोदाई कार्य चल रहा था। जमीन के बगल में भी विनोद जैन का ही जर्जर भवन है, जहां अवैध रूप से गुड्डू कपड़ों की सिलाई का कारखाना चलाता है।

खोदाई कार्य के दौरान कारखाने वाली जगह की दीवार भरभराकर गिरी गई। दीवार से सटे बैठे कारखाने के कर्मचारी कारवालो नगर निवासी मुर्तजा, बकरमंडी ईदगाह के पास रहने वाले अरशद और वसीम घायल हो गए। वहीं क्षतिग्रस्त हुए मकान में आयुषी, आरती मुन्नी देवी दबकर घायल हो गईं जिन्हें सुरक्षित निकाला गया। उन्हें भी शरीर में चोटें आई हैं। इस संबंध में अनवरगंज प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार दुबे ने बताया कि विनोद जैन का परिवार भूटान में होने की जानकारी मिली है। गुड्डू अवैध रूप से जर्जर भवन में कारखाना चला रहा था वह भी आरोपी है। 

हो सकता था बड़ा हादसा 

घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। मलबे में दबे होने के कारण लोग उन्हें बचाने के लिए आसपास के लोगों को बुलाने लगे। लेकिन इलाकाई लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और इसके बाद एक-एक करके सभी छह लोगों को सकुशल बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। मलबे में दबे लोग अभी भी दहशत में हैं। उनका कहना था कि समय से उन लोगों को निकाल लिया गया नहीं तो बड़ी घटना हो सकती थी।

ये भी पढ़ें- कानपुर में अजब-गजब मामला आया सामने; मीटरों में आग लगाकर बिल बचा रहे केस्को उपभोक्ता, इस तरह से खुला पूरा खेल