बदायूं:बाढ़ पीड़ितों के जख्म पर मुआवजे का मरहम...इस दिन फिर बारिश के आसार 

सितंबर माह में औसत से अधिक हुई वर्षा, 34 से अधिक पीड़ितों को दी गई धनराशि 

बदायूं:बाढ़ पीड़ितों के जख्म पर मुआवजे का मरहम...इस दिन फिर बारिश के आसार 

बदायूं,अमृत विचार। सितंबर माह में अब तक औसत से अधिक वर्षा हुई है। पिछले दो दिनो में हुई बारिश के दौरान देहात क्षेत्र में 34 लोगों के मकान ढह गए थे। करीब 52 हेक्टेयर फसल खराब हो गई थी। बारिश की वजह से जिन लोगों के मकान ढह गए और फसलों को नुकसान पहुंचा था। इन आपदा पीड़ितों को प्रशासन की ओर से 71.70 लाख रुपये का मुआवजा दिया गया है। इधर कृषि विभाग द्वारा 26 और 27 सितंबर को बारिश होने की संभावना जताई है।

सितंबर माह में 148 एमएम औसत वर्षा होना माना जाता है। परंतु इस माह में 288 एमएम बारिश हो चुकी है। जो कि औसत वर्षा से 140 एमएम अधिक है। पिछले दिनों हुई बारिश के दौरान 48 घंटे तक मौसम खराब रहा। लगातार बारिश होने की वजह से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया था। इस दौरान  ग्रामीण सहित नगरीय क्षेत्रों में 34 लोगों के मकान ढह गए थे। मकान ढह जाने से कई लोगों की मौत भी हो गई थी। इसके अलावा करीब 52 हेक्टेयर में खड़ी फसलें खराब हो गईं थीं। जिसका सर्वे कराने के बाद प्रशासन ने आपदा पीड़ित किसानों में करीब 19 लाख रुपये का  मुआवजा बांटा है। इसके अलावा बारिश के दौरान मकान ढह जाने से पीड़ित 34 लोगों में 52.70 लाख रुपये का मुआवजा दिया गया है। जिसमें एक पीड़ित को मकान बनाने के लिए 1.55 लाख रुपये दिए गए हैं। 

बाढ प्रभावित क्षेत्रों के किसानों को भी मिलेगा मुआवजा
हाल के दिनों में हुई बारिश की वजह से दातागंज तहसील क्षेत्र के करीब 60 से अधिक गांव प्रभावित हुए हैं। सैकड़ों बीघा फसल बर्बाद हो गई है। साथ ही कई मकान बाढ़ के पानी में समा गए हैं। ऐसे बाढ़ पीड़ितों को भी मुआवजा दिया जाएगा। चूंकि अभी बाढ़ का कहर जारी है। इसलिए बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र में सर्वे प्रभावित है। बाढ़ का पानी कम होने पर सर्वे कराने की बात प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा कही जा रही है। 

जानिए क्या बोले प्रशासनिक अधिकारी
एडीएम वित्त एवं राजस्व डॉ वैभव शर्मा ने बताया कि प्राकृतिक आपदा से पीड़ित लोगों को 71.70 लाख रुपये का मुआवजा दिया गया है। जिसमें 34 लोगों को मकान बनाने के लिए आर्थिक सहायता दी गई है। वहीं जिन किसानों की फसलें खराब हुई हैं। उन्हें भी करीब 19 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में पानी कम होने पर सर्वे कराया जाएगा। चिन्हित किए जाने वाले लोगों को मुआवजा राशि दी जाएगी।