Unnao Crime: बीज दुकान संचालक से 25 हजार की लूट...पुलिस की बदमाशों से हुई मुठभेड़, दो के पैर में लगी गोली, गिरफ्तार

अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस दे रही दबिश

Unnao Crime: बीज दुकान संचालक से 25 हजार की लूट...पुलिस की बदमाशों से हुई मुठभेड़, दो के पैर में लगी गोली, गिरफ्तार

उन्नाव, अमृत विचार। बिहार थानाक्षेत्र निवासी एक बीज दुकान संचालक से शुक्रवार देर रात दुकान बंद कर घर लौटते समय चार अज्ञात बदमाशों ने नगदी लूट ली। घटना के बाद बदमाश भागने लगे तो युवक के शोर मचा दिया। शोर सुन ग्रामीणों ने पीछा कर दो को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। 

नकदी की बरामदगी के लिए पुलिस टीम दोनों को साथ जा रही थी। इस दौरान आरोपियों ने भागने का प्रयास किया तो पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़ हो गई। जिसमें दो बदमाश घायल हुए हैं। पूछताछ के बाद पुलिस भागे हुए आरोपियों की तलाश कर रही है।

बिहार थानाक्षेत्र के ग्राम केसवला मजरा दुबई निवासी राजकुमार लोधी की कस्बा पाटन में बीज की दुकान हैं। उन्होंने बताया कि वह शुक्रवार रात दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। इस दौरान ग्राम चाकपुर के पास दो बाइक पर सवार चार अज्ञात बदमाशों ने उनका बैग छीन लिया। बैग में 25 हजार रुपये की बिक्री राशि थी। 

घटना के बाद राजकुमार ने शोर मचाया तो स्थानीय ग्रामीणों ने दो बाइक सवारों को पकड़ लिया। जबकि अन्य दो आरोपी मौके से मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर थाना बिहार पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीप (26) पुत्र मंगल लोधी निवासी ग्राम बेहटा कला थाना लालगंज जनपद रायबरेली और सूरज (27) पुत्र कल्लू निवासी ग्राम दइता मजरा परसंदा थाना बिहार जनपद उन्नाव के रूप में हुई। पुलिस दोनों आरोपियों को बरामदगी के लिए थाने ले जा रही थी। 

अचानक उन दोनों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया और भागने का प्रयास किया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी है। घायलों को तुरंत उपचार के लिए सीएचसी बीघापुर में भर्ती कराया गया। पुलिस द्वारा पूछताछ में आरोपियों ने अपने दो भागे हुए साथियों के नाम अभय सिंह और वैभव सिंह बताए हैं। जो भी बेहटा कला थाना लालगंज जनपद रायबरेली के निवासी हैं। 

उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की हैं। पुलिस टीम दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस द्वारा मौके से लूट के 10 हजार रुपये, एक तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस, और एक जीवित कारतूस भी बरामद किया गया। इस बाबत सीओ बीघापुर ऋषिकांत शुक्ला ने बताया कि जल्द ही अन्य आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

ये भी पढ़ें- कानपुर में आनंदेश्वर मंदिर के बाहर कार सवार ने साधु पति-पत्नी को कुचला...मौत, बैक करने के दौरान हुआ हादसा, पुलिस बोली- जल्दी आरोपी को किया जाएगा गिरफ्तार