बदायूं: ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ंत में घायल हुए बाइक सवार डिलीवरी ब्यॉय की मौत

18 सितंबर को उसावां मार्ग पर गांव पड़ौआ के पास हुआ था हादसा

बदायूं: ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ंत में घायल हुए बाइक सवार डिलीवरी ब्यॉय की मौत

बदायूं, अमृत विचार। ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर होने के बाद बाइक सवार डिलीवरी ब्यॉय गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल और बरेली के अस्पताल में इलाज करने के बाद सुधार न होने पर परिजन अलीगढ़ लेकर जा रहे थे लेकिन घायल ने रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा है। 

सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के गांव बुधवाई निवासी सुदेश (33) पुत्र अमर सिंह के परिजनों के अनुसार वह फ्लिपकार्ट कंपनी में डिस्ट्रीब्यूटर के यहां डिलीवरी ब्यॉय थे। घर-घर सामान पहुंचाते थे। 18 सितंबर को वह काम खत्म करके बाइक से अपने घर वापस लौट रहे थे। उसावां मार्ग पर गांव पड़ौआ के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई। सुदेश गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने पुलिस और उनके परिजनों को सूचित किया। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। परिजन भी जिला अस्पताल पहुंचे। जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने रेफर कर दिया। परिजनों ने सुदेश को बरेली के अस्पताल में भर्ती कराया। बरेली में भी आराम न मिलने पर परिजन शुक्रवार सुदेश को अलीगढ़ के राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जा रहे थे लेकिन रात लगभग 10 बजे बदायूं के कस्बा शेखूपुर के पास सुदेश ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।