रामपुर : पुलिस से मुठभेड़ में गोतस्कर घायल, दो गिरफ्तार

लखीमपुर विष्णु गांव में हुई घटना, मांस काटने के औजार, बाइक व अन्य सामान मिला

रामपुर : पुलिस से मुठभेड़ में गोतस्कर घायल, दो गिरफ्तार

मिलक /रामपुर, अमृत विचार :  क्षेत्र के लखीमपुर विष्णु गांव में बुधवार रात 12:50 बजे पुलिस की गोतस्कर नाजिम व राजिन से मुठभेड़ हो गई। इसमें गोतस्कर नाजिम घायल हो गया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपियों के पास गोकशी करने का सामान, बाइक व असलाह मिला है। पुलिस ने दोनों गोतस्करों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों मिलक के ही रहने वाले हैं।

 क्षेत्र के लखीमपुर विष्णु गांव के जंगल में रविवार को गोवंशीय पशुओं के अवशेष मिले थे। इस पर हिंदू संगठनों के लोगों ने आक्रोश जताया था। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने का आश्वासन दिया था। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। बुधवार रात पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान लखीमपुर विष्णु के जंगल में पुलिस को बाइक जाती दिखाई दी। पुलिस ने बाइक सवारों का पीछा किया तो आरोपियों ने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बाइक सवार आरोपी गिर गए। बाइक छोड़कर जंगल में भागने लगे। इस दौरान एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। उसके साथी ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। 

पुलिस ने बताया कि राजिन उर्फ राजन, घायल गोतस्कर नाजिम मिलक में नसीराबाद कस्बा के रहने वाले हैं। पुलिस ने जंगल में घूमने की वजह पूछी तो बताया कि रविवार को उन्होंने एक गोवंशीय पशु का कटान किया था। उसका मांस बेचकर धन अर्जित किया। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए मिलक के सरकारी अस्पताल भेज दिया। घटना स्थल से एक बाइक, मांस काटने के औजार, तमंचा, छुरी व अन्य सामान बरामद हुआ। दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। गुरुवार को पुलिस ने राजिन को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया। जिला अस्पताल में नाजिम का उपचार चल रहा है। पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल का हालचाल जाना। पुलिस के अनुसार, दोनों के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

यह भी पढ़ें-   लखनऊ : खतरे में है कानून के रक्षकों की जान, जर्जर थाना भवनों के बीच गुजर रही रात