बदायूं : तीन महीनें पहले चढ़ा था घोड़ी, दलाल की ठगी ने जान देने पर किया मजबूर!

पुलिस में भर्ती करने के नाम पर युवक से 6.50 लाख ठगे

बदायूं : तीन महीनें पहले चढ़ा था घोड़ी, दलाल की ठगी ने जान देने पर किया मजबूर!

उघैती/बदायूं, अमृत विचार। पुलिस में भर्ती कराने के नाम पर एक युवक से 6.50 लाख रुपये ठग लिए। युवक ने रुपये मांगे तो ठग ने रुपये वापस करने से मना कर दिया। जिससे परेशान चल रहे युवक ने जहर खाकर जान दे दी। मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। 

उघैती थाना क्षेत्र के गांव महानगर निवासी संजीव पढ़ने में होशियार थे। तीन महीने पहले उनकी शादी हुई थी। वह पुलिस भर्ती के लिए तैयारी कर रहे थे। रोज सुबह दौड़ने जाते थे। परिजनों के अनुसार साल 2019 में गांव सिद्धपुर कैथोली निवासी युवक संजीव के पास आया था। कहा कि वह उन्हें पुलिस में भर्ती करा देगा। बस रुपये देने होंगे। संजीव ने ब्याज पर लेकर और इधर-उधर से जमा करके दलाल को 6 लाख 50 हजार रुपये दे दिए। भर्ती निकलने पर संजीव ने दलाल से कहा कि उन्हें भर्ती कराओगे तो दलाल टालमटोल करता रहा। भर्ती न होने पर संजीव ने उससे रुपये वापस मांगना शुरू कर दिया लेकिन हर बार दलाल कोई न कोई बहाना बनाता रहा।

गुरुवार सुबह लगभग 9 बजे संजीव ने दलाल से रुपये वापस करने को कहा तो उसने रुपये देने से मना कर दिया। वहीं संजीव के ऊपर ब्याज बढ़ता जा रहा था। जिससे परेशान होकर संजीव ने गुरुवार सुबह घर पर रखा विषाख्त पदार्थ की गोलियां खा ली। कुछ देर के बाद संजीव की हालत खराब हो गई। परिजन उसे चंदौसी के अस्पताल ले जा रहे थे लेकिन उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया। परिजनों में चीत्कार मच गया।

परिजनों के पास है दलाल की कॉल रिकॉर्डिंग
मृतक के परिजनों ने बताया कि संजीव के दलाल से फोन पर बात करने की रिकार्डिंग उनके पास है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को दे दिया। थानाध्यक्ष राजेश कौशिक ने बताया कि युवक की मौत हुई थी। अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई। तहरीर आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।