उन्नाव में गोली मारकर महिला की हत्या: आरोपी ने खुद भी दी जान...तीन घायल, तीन माह पहले दुष्कर्म मामले में जेल से छूटकर आया था

उन्नाव में कई राउंड फायरिंग से सनसनी

उन्नाव में गोली मारकर महिला की हत्या: आरोपी ने खुद भी दी जान...तीन घायल, तीन माह पहले दुष्कर्म मामले में जेल से छूटकर आया था

उन्नाव, अमृत विचार। फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के गोडियनखेड़ा गांव में युवक ने कई राउंड फायरिंग कर महिला की हत्या कर तीन लोगों को गम्भीर घायल कर दिया। गांव में कई राउंड फायरिंग से हड़कंप मच गया।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक ने खुद को गोली मारकर जान दे दी। फायरिंग की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएससी में भर्ती कराया है।

जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल और जिला अस्पताल से कानपुर रेफर कर दिया गया है। चर्चा है कि प्रेम संबंधों को लेकर युवक ने घटना को अंजाम दिया है। सूचना पर कप्तान, सीओ ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की है।

IMG-20240708-WA0005

बता दें गोडियनखेड़ा गांव निवासी अनुराग पाल (22) सोमवार सुबह गांव के ही पुत्तीलाल के घर पर तमंचा लेकर पहुँचा। इस दौरान किसी बात को लेकर वहां विवाद होने लगा। विवाद बढ़ने पर अनुराग ने तमंचे से फायरिंग करना शुरू कर दिया। कई राउंड फायरिंग करने से पुत्तीलाल व उनकी पत्नी फूल कुमारी तथा दो अन्य गोली लगने से घायल हो गये।

घटना के बाद आरोपी वहां से भाग गया और गांव के बाहर खुद को तमंचे से गोली मारकर जान दे दी। कई राउंड फायरिंग पर गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को फतेहपुर चौरासी सीएचसी पर भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर ने फूल कुमारी को मृत घोषित कर दिया।

घायलों की हालत गंभीर देखते हुये उन्हें जिला अस्पताल से कानपुर रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि प्रेम संबंधों के चलते अनुराग पाल का विवाद चल रहा था। दुष्कर्म मामले में वह तीन माह पहले जेल से छूटकर घर आया था। घटना की जानकारी पर कप्तान सिद्धार्थ शंकर मीना व सीओ सफीपुर ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है।