बरेली: नगर निगम की कार्यकारिणी में भाजपा के पांच और सपा के एक पार्षद निर्वाचित

छह सदस्य नाम की पर्ची निकलने के बाद हुए विदा, इतने ही सदस्यों ने चुनाव में कराया था नामांकन

बरेली: नगर निगम की कार्यकारिणी में भाजपा के पांच और सपा के एक पार्षद निर्वाचित

बरेली, अमृत विचार। नगर निगम की कार्यकारिणी समिति के चुनाव में शनिवार को भाजपा के पांच और सपा के एक पार्षद निर्विरोध निर्वाचित हुए। कार्यकारिणी से इतने ही पुराने सदस्य विदा हुए हैं। कार्यकारिणी में फिर भाजपा के 10 और सपा के दो पार्षद हो गए हैं, जबकि कांग्रेस, रालोद और निर्दलीय पार्षदों को कार्यकारिणी में जगह नहीं मिल पाई है।

नगर निगम के पुराने भवन के सभागार में सुबह करीब 11 बजे कार्यकारिणी समिति के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई। महापौर डॉ. उमेश गौतम और नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स की मौजूदगी में 12 सदस्यों में से छह सदस्यों रामपाल गंगवार, सीता पटेल, मीरा देवी, निधि सक्सेना, अलीम खां और आरेंद्र अरोरा को बाहर निकालने के लिए उनके नाम की पर्ची निकाली गई। इसके बाद कार्यकारिणी के लिए नए छह सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया शुरू की गई।

नामांकन प्रक्रिया के दौरान नए सदस्यों के लिए भाजपा से पांच और सपा से एक पार्षद ने नामांकन पत्र भरे। नामवापसी का समय समाप्त होने के बाद भाजपा के रितिका किशोर, हरिशंकर लोधी, नरेंद्र सिंह, संतोष कश्यप, अंजुल गंगवार और सपा के ओमान खान को कार्यकारिणी सदस्य निर्वाचित घोषित किया गया। महापौरा, उपसभापति सर्वेश रस्तोगी, मुकेश सिंघल, पुष्पेंद्र महेश्वरी, सतीश कातिब मम्मा सहित अन्य पार्षदों ने सभी नवनिर्वाचित कार्यकारिणी सदस्यों को बधाई दी।

सर्वेश रस्तोगी एक साल के लिए और उप सभापति
चुनाव के दौरान उपसभापति सर्वेश रस्तोगी भाग्यशाली रहे। अगर उनके नाम की पर्ची निकल जाती तो उन्हें पद से हटना पड़ता लेकिन अब वह एक साल तक और उपसभापति बने रहेंगे। इसके लिए उन्हें भी पार्षदों ने बधाई दी है।

निर्दलीय को कार्यकारिणी में मिलनी चाहिए थी जगह
सपा पार्षद दल के नेता गौरव सक्सेना ने बताया कि चुनाव में भाजपा ने अपने पांच सदस्यों को कार्यकारिणी में पहुंचाने के लिए निर्दलीय पार्षदों पर दबाव बनाकर उन्हें चुनाव लड़ने से रोककर सदन में लोकतंत्र को कमजोर किया है, जबकि तीन निर्दलीय पार्षद कार्यकारिणी का चुनाव लड़ना चाहते थे।

पार्षद राजेश अग्रवाल ने कहा कि कार्यकारिणी के लिए चुने गए सभी पार्षदों को शुभकामना देता हूं। वह लोगों की समस्या के निदान को लेकर निरंतर प्रयास करते रहेंगे। हम सभी को आपसी समन्वय बनाकर शहर के विकास को लेकर गंभीर रहना चाहिए। अगर लोगों की समस्या सामने आए तो उसे पूरे मनोयोग से हल करने की जरूरत है।

सातवीं बार निर्विरोध ऐतिहासिक है
कार्यकारिणी में भाजपा ने बड़ी जीत हासिल की है। हमें निर्दलीय पार्षदों को साथ लेकर चलेंगे और अन्य को भी ऐसा करना चाहिए। हमें एकजुट होकर शहर के विकास कार्यों के लिए कदम बढ़ाना होगा। लगातार सातवीं बार निर्विरोध चुनाव ऐतिहासिक है। यह हम सभी के आपसी तालमेल का बड़ा उदाहरण है। आने वाले समय में शहर के किसी भी वार्ड में कच्ची गलियां नहीं होंगी। सभी पार्षदों के प्रस्ताव पर बिना भेदभाव के विकास कार्य होंगे-डाॅ. उमेश गौतम, महापौर

ये भी पढ़ें- बरेली: दिन भर झमाझम बारिश से गर्मी से मिली राहत, 10 जुलाई तक बारिश का अनुमान