बदायूं: बंदरों की घुड़की में छत से गिरी महिला, इलाज के दौरान मौत

झाड़ू लगाने के लिए छत पर गई थीं बिसौली क्षेत्र के गांव अतरपुरा निवासी मीना

बदायूं: बंदरों की घुड़की में छत से गिरी महिला, इलाज के दौरान मौत

दबतरा, अमृत विचार। झाड़ू लगाने गई महिला छत से नीचे गिर गई। वह गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। परिजनों के अनुसार बंदरों की घुड़की के चलते महिला छत से नीचे गिरी थी। 

कोतवाली बिसौली क्षेत्र के गांव अतरपुरा निवासी मीना मौर्य (37) पत्नी महेंद्र मौर्य एक जुलाई की सुबह लगभग 11 बजे बारिश के दौरान झाड़ू लगाने के लिए छत पर गई थीं। परिजनों के अनुसार छत पर बंदरों का झुंड आ गया। मीना मौर्य ने उन्हें भगाने की कोशिश की तो बंदर उन्हें घुड़की देने लगे। वह अपना बचाव करने को पीछे हटीं और छत से नीचे जा गिरीं। वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।

हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने उन्हें रेफर कर दिया। परिजनों ने उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान गुरुवार रात मीना मौर्य ने दम तोड़ दिया। परिजनों में कोहराम मच गया। मौत के बाद उनके बच्चे नीलेश, अनमोल, रामस्नेही का रो रोककर बुरा हाल है। राजकीय मेडिकल कॉलेज प्रशासन की सूचना पर पुलिस पहुंची। शुक्रवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। परिजन शव लेकर गांव पहुंचे। पड़ोसी और रिश्तेदारों ने पीड़ित परिवार के घर जाकर सांत्वना दी। शनिवार को शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

ये भी पढ़ें। बदायूं: सेना में जाने की तैयारी कर रहे छात्र का फंदे पर मिला शव, परिवार में मचा कोहराम