मेरठ: वर्चस्व की जंग...फिर कार से बाइक टकराने पर विवाद, सरेआम शख्स की गोली मारकर हत्या

मेरठ: वर्चस्व की जंग...फिर कार से बाइक टकराने पर विवाद, सरेआम शख्स की गोली मारकर हत्या

मेरठ। लोहिया नगर थाना क्षेत्र में शनिवार रात को वर्चस्व के लिए चल रही जंग के बीच कार और बाइक टकरा जाने से दोनों पक्षों में विवाद हो गया। जिसके बाद एक पक्ष के कई लोग हथियार लेकर पहुंच गए और दूसरे पक्ष के एक शख्स की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। जिससे इलाके में दहशत फैल गई। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। साथ ही फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। 

जानकारी के मुताबिक, थाना क्षेत्र की जाकिर कॉलोनी में 40 वर्षीय अनीस और इमरान अपने परिवार के साथ रहते हैं। इनमें से अनीस कपड़ों की फेरी लगाता है, जबकि इमरान का स्क्रैप का कारोबार है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से वर्चस्व की जंग चल रही है। वहीं शानिवार रात को अनीस अपने चचेरे भाई फुरकान के साथ घर लौट रहा था। तभी रास्ते में इमरान की बाइक उनकी कार से टकरा गई, जिसके बाद दोनों पक्षों में गाली गलौज के साथ झगड़ा शुरू हो गया। 

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ ही देर में इमरान समेत 8 लोग हथियारों से लैस होकर आए और अनीस पर फायरिंग कर दी। जिसमें एक गोली उसकी आंख और दूसरी गोली सीने में लगी। जिसके बाद अनीस लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। जबकि सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। 

वहीं घटना की जानकारी मिलते ही अनीस के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए और गंभीर रूप से घायल अनीस को एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन नाजुक हालत को देखकर डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां डॉक्टरों ने अनीस को मृत घोषित कर दिया। 

उधर, सरेआम गोलियां चलने की सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। जिसके बाद मृतक के परिजनों की शिकायत पर पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए उनके घर पहुंची, लेकिन उससे पहले ही सभी आरोपी अपने घरों में ताला डालकर फरार हो चुके थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। वहीं अब मृतक के परिजनों की मांग है कि आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाया जाना चाहिए।

ये भी पढे़ं- मेरठ: ड्यूटी से लौटा पति तो बेड पर पत्नी को देख उड़े होश, पास में पड़ी पिस्टल...खून से लथपथ मिला शव