14.90 लाख से तैयार होंगे किचन गार्डन,  298 विद्यालयों में काम शुरू

14.90 लाख से तैयार होंगे किचन गार्डन,  298 विद्यालयों में काम शुरू

(मनोज कुमार मिश्र) सुलतानपुर, अमृत विचारः परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक व कंपोजिट विद्यालयों में बच्चों को अब मौसमी व ताजी साग सब्जियां मिड डे मील (एमडीएम) में खाने को मिलेंगी। 298 विद्यालयों में किचन गार्डन तैयार करने के लिए 14 लाख 90 हजार रुपये शासन से प्राप्त हुए है। पहले से चयनित प्रति विद्यालय पांच हजार रुपये एमडीएम निधि के खाते में भेज दिए गए हैं। इसके पहले 610 विद्यालयों में किचन गार्डन तैयार कराए गए थे।

मिलेंगी शुद्ध सब्जियां
परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को एमडीएम में शुद्ध व ताजी सब्जियां उपलब्ध हो पाएं, साथ ही बच्चों में खेती-किसानी की समझ विकसित हो, इसके लिए किचन गार्डन विकसित करने का निर्देश दिया गया है। इसके लिए शासन से पांच हजार रुपये प्रति विद्यालय की दर से धनराशि स्वीकृत की गई है। विद्यालयों के मध्याह्न भोजन निधि खातों में धनराशि ट्रांसफर की गई है। इस धनराशि से प्रधानाध्यापकों को खाद, बीज, कृषि उपकरण समेत अन्य सामग्री खरीदने में सहूलियत होगी।
विद्यालय परिसर में हरी सब्जियां जैसे टमाटर, बैंगन, गोभी, धनिया, कद्दू, लौकी, भिंडी, तरोई व नेनुआ आदि उगाई जाएंगी। तैयार होने पर इन सब्जियों का प्रयोग मध्याह्न भोजन में किया जाएगा। जिला समन्वयक मध्याह्न भोजन योजना संदीप यादव ने कहा कि किचन गार्डन के लिए उन्हीं विद्यालयों का चयन किया गया है जहां भौतिक संसाधन उपलब्ध होने के साथ ही किचन गार्डन की सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवाल निर्मित है।

2.90 करोड़ से बदले जाएंगे एमडीएम के बर्तन
जिले में बेसिक शिक्षा परिषद के 2064 विद्यालय संचालित हो रहे हैं। इनमें 1450 प्राथमिक, 343 उच्च प्राथमिक व 271 कंपोजिट विद्यालय शामिल है। इन विद्यालयों में प्रेरणा पोर्टल के अनुसार 1,86,940 छात्र-छात्राएं एमडीएम के तहत पका पकाया पौष्टिक भोजन करते हैं। डीसी एमडीएम संदीप यादव ने बताया कि 1747 विद्यालयों में बर्तन बदलने के लिए शासन से पैसा मिला है, जिसे संबंधित विद्यालयों के एमडीएम खाते में भेज दिया गया है। इन विद्यालयों को दो करोड़ 90 लाख 30 हजार रुपये भेजे एग हैं। छात्र संख्या के हिसाब से अलग-अलग पैसा भेजा गया है। शासनादेश के अनुसार 51 से 150 बच्चे वाले विद्यालयों में 15 हजार, 151 से 250 विद्यार्थियों वाले विद्यालयों को 20 हजार और 251 छात्र-छात्राओं से अधिक वाले विद्यालयों को 25 हजार रुपये प्रति विद्यालय के हिसाब से धनराशि भेजी गई है।

किन ब्लाकों में कितने विद्यालयों में भेजी गई धनराशि

ब्लाक     किचन गार्डन बर्तन
अखंडनगर            23  128
बल्दीराय          38    139
भदैंया         28 131
 धनपतगंज         08 116
दोस्तपुर          18 116
जयसिंहपुर           37 171
दुबेपुर             25 162
कादीपुर            10 101
करौंदीकला      07 86
कुड़वार   25 131
कूरेभार           28 129
लंभुआ           15 136
मोतिगरपुर        11 81
पीपी कमैचा       25 104
नगर क्षेत्र            00 16


सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि जिन विद्यालयों में धनराशि भेजी गई है, वहां किचन गार्डन विकसित कराने के लिए विद्यालयों का निरीक्षण समय-समय पर करते रहें। साथ ही बर्तन रिप्लेसमेंट भी कराकर सूचना भेजें। निरीक्षण के दौरान पैसों के उपभोग की पत्रावली भी चेक की जाएगी।
- दीपिका चतुर्वेदी, बीएसए सुलतानपुर