संभल: पुलिस मुठभेड़ में  गोली लगने से दो पशु तस्कर घायल

संभल: पुलिस मुठभेड़ में  गोली लगने से दो पशु तस्कर घायल

संभल, अमृत विचार: सदर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को आधी रात के बाद उस समय गोवंशीय पशु तस्करों से आमना सामना हो गया जब तस्कर फिरोजपुर गांव के जंगल में गोवंशीय पशु का वध करने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी की तो तस्करों ने पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस की ओर से की गई जवाबी फायरिंग में दो पशु तस्कर गोली लगने से घायल हो गये। घायल तस्करों को पुलिस ने पकड़ लिया जबकि उनके दो साथी भागने में कामयाब हो गये।

एक सप्ताह पहले पशु तस्करों ने भाजपा नेता की गाय चुराकर उसका जंगल में वध कर दिया था। इसके बाद एक छुट्टा गोवंशीय पशु की हत्या कर मांस ले जाने का मामला भी सामने आया था। इन घटनाओं के बाद पुलिस पशु तस्करों की धरपकड़ के लिए अभियान चला रही थी। पुख्ता सूचना के बाद कोतवाल पवन कुमार के नेतृत्व में पुलिस  टीम फिरोजपुर गांव के जंगल में गश्त पर थी। इसी दौरान जंगल में एक कार खड़ी दिखाई दी। 

पुलिस थोड़ा नजदीक पहुंची तो देखा कि कुछ लोग गोवंशीय पशु का वध करने की तैयारी कर रहे थे। पशु को बांधकर जमीन पर गिरा रखा था। पुलिस ने घेराबंदी कर टोका तो तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग शुरु कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो पशु तस्कर गोली लगने से घायल हो गये। इसके बाद उनके दो साथी भाग निकले। पुलिस ने घायल हुए तस्करों को दबोच लिया और जीवित गोवंशीय पशु को भी बरामद कर लिया। दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सीओ सदर अनुज कुमार चौधरी ने बताया कि गोली लगने से घायल पशु तस्करों की पहचान शाहनवाज व आदिल बख्तियार उर्फ बब्बू निवासी सैफ खां सराय के रूप में हुई है। दोनों बदमाशों ने 19 अप्रैल की रात को फिरोजपुर गांव के जंगल में प्रतिबंधित पशु का वध करने की घटना को अंजाम देने की बात कबूली है। पुलिस ने पशु तस्करों के पास से कार,हथियार व पशुवध के उपकरण बरामद किए हैं। इसके साथ ही जिस प्रतिबंधित पशु का वध करने का प्रयास कर रहे थे उसे जिंदा बरामद कर लिया गया है।

कोतवाली क्षेत्र में फिरोजपुर गांव के निकट पशु तस्करों से पुलिस की मुठभेड़ की सूचना मिलने पर सीओ अनुज कुमार चौधरी के साथ ही अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी श्रीश्चंद्र भी मौके पर पहुंच गये। आसपास के थानों की पुलिस को भी बुला लिया गया। पुलिस ने फरार हुए दो तस्करों की धरपकड़ के लिए घंटों तक जंगल में कांबिंग की। लेकिन वे पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े।

यह भी पढ़ें- संभल : आयशर कैंटर और टाटा मैजिक की भिडंत, मैजिक चालक की मौत...बेटियों के सिर से उठा पिता का साया