सुलतानपुर: प्रेम प्रसंग में विवाहिता की गला दबाकर हत्या, बेटी बोली- डब्लू ने मां को मारा

सुलतानपुर: प्रेम प्रसंग में विवाहिता की गला दबाकर हत्या, बेटी बोली- डब्लू ने मां को मारा

बल्दीराय/सुलतानपुर, अमृत विचार। हलियापुर थाना क्षेत्र के जरईकला में विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी गई। घटना के समय मृतक महिला का पति घर पर नहीं था। हत्याकांड से गांव में हड़कंप मच गया है। सीओ बल्दीराय सौरभ सावंत ने घटना स्थल का निरीक्षण किया है। शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग में हत्या किए जाने की बात सामने आई है। वहीं, मृतका के पति ने नामजद तहरीर थाने पर दी है।
 
हलियापुर थाना क्षेत्र के जरईकला निवासी दिनेश पासी ने लगभग 14 वर्ष पहले गांव से दो किमी दूर गौहनिया की रहने वाली सुनीता (35) के साथ प्रेम विवाह किया था। सुनीता के दो लड़के और एक लड़की है। परिवार में सब कुछ ठीक चल रहा था। इसी बीच पड़ोस के डब्लू पासी की दोस्ती दिनेश से हुई। उसका दिनेश के घर आना-जाना बढ़ गया। 

6

ग्रामीणों की मानें तो कुछ ही दिनों में सुनीता और डब्लू में काफी नजदीकियां हो गई। जिसकी चर्चा गांव क्षेत्र में होने लगी। डब्लू भी शादीशुदा था। काफी चर्चाओं के बाद जब बात डब्लू की पत्नी के कानों तक पहुंची तो वह मायके चली गई है। बीती रात दिनेश अयोध्या के अरकुना गांव में मामा के घर गया हुआ था। यहां घर पर पत्नी सुनीता तीनों बच्चों के साथ थी। 

सुनीता की 12 वर्षीय पुत्री लक्ष्मी ने बताया कि गुरुवार की रात डब्लू घर में आया। किसी बात को लेकर दोनों में हाथापाई हुई तो डब्लू ने मां की दुपट्टे से गला दबा कर हत्या कर दी। उसके बाद बच्चों को डरा धमका कर फरार हो गया। सुबह साढ़े छह बजे दूध वाले के दरवाजा पीटने पर लक्ष्मी ने रोते हुए दरवाजा खोला। तब लोगों को हत्या का पता चला। 

सूचना पर पहुंची पुलिस को दिनेश के घर के आंगन में चूड़ियों के टूटे पड़े होने के साथ,दुपट्टा तथा दो  मोबाइल टूटा पड़ा मिला है। ग्रामीणों ने दिनेश को सूचना दिया। वह घर पहुंचा तब तक सीओ बल्दीराय व एसओ हलियापुर भी मौके पर पहुंच चुके थे। अधिकारियों ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम में भेजा है। वही दिनेश ने डब्लू के विरुद्ध नामजद तहरीर पुलिस में दी है। वहीं, मृतका की पुत्री लक्ष्मी 12, पुत्र दुर्गा प्रसाद 7 व आयुष्मान 6 वर्ष का है।

दोस्त ने ही उजाड़ा दोस्त का घर 

मृतका सुनीता का मायका रामतीरथ पुत्र राम दुलारे निवासी गौहनीया मजरे हलियापुर के यहां है। स्थानीय लोगों के बताने के अनुसार लगभग 14 वर्ष पूर्व दिनेश पासी व सुनीता की लव मैरिज हुई थी, जिससे मायके वाले भी नाराज़ रहते थे। डब्लू पासी व दिनेश पासी की मित्रता काफी दिनों से थी, जिससे डब्लू का दिनेश के यहां आये दिन आना जाना व साथ खाना पीना लगा रहता था। इसी का फायदा उठाकर घटना के दिन डब्लू दिनेश के घर पहुंचा था। 

मृतका के बेटी के बयान, घटना स्थल पर मिले साक्ष्य के आधार पर हम जांच कर रहे हैं। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है..,सौरभ सावंत, क्षेत्राधिकारी बल्दीराय।

यह भी पढ़ें:-अखिलेश यादव का BJP पर प्रहार- भाजपा ने देश के भ्रष्टाचारियों, अपराधियों और माफियाओं को अपने गोदाम में रख लिया