शिक्षिका निशि शर्मा ने बढ़ाया प्रयागराज का मान, इस बड़ी प्रतियोगिता में अखिल भारतीय स्तर पर मिला पांचवा स्थान  

शिक्षिका निशि शर्मा ने बढ़ाया प्रयागराज का मान, इस बड़ी प्रतियोगिता में अखिल भारतीय स्तर पर मिला पांचवा स्थान  

प्रयागराज, अमृत विचार। अखिल भारतीय आचार्य/ आचार्या निबन्ध प्रतियोगिता में सरस्वती विद्या मन्दिर माधव ज्ञान केन्द्र नैनी प्रयागराज की शिक्षिका कु. निशि शर्मा को राष्ट्रीय स्तर पर पांचवा स्थान मिला है। इस उपलब्धि पर समिति व विद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी है। 
 
विद्या भारती संस्कृति शिक्षा संस्थान द्वारा अखिल भारतीय आचार्य/आचार्या निबन्ध प्रतियागिता का आयोजन किया गया, जिसके परिणाम की घोषणा करते हुए संस्थान के निदेशक डॉ. रामेन्द्र सिंह ने बताया कि ‘विश्व पटल पर भारत का बढ़ता प्रभाव’ विषय पर निबन्ध प्रतियोगिता में देश भर के विद्या भारती के शिक्षक/शिक्षिकाओं ने प्रतिभाग किया। जिसमें विद्यालय स्तर, संकुल, प्रान्त, क्षेत्र स्तर के बाद अखिल भारतीय स्तर पर निबन्धों का चयन किया गया, इसमें काशी प्रान्त पूर्वी उप्र के अन्तगर्त इस विद्यालय की शिक्षिका कु. निशि शर्मा को पांचवां स्थान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि पर कु. निशि शर्मा को आयोजकों की ओर से पन्द्रह सौ रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। 
 
विद्या भारती संस्कृति शिक्षा संस्थान द्वारा अखिल भारतीय स्तर पर आचार्य निबन्ध प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। यह प्रतियोगिता सम्पूर्ण देश के विद्या भारती से सम्बद्ध एवं सम्पर्कित विद्यालयों के शिक्षकों के लिए प्रतिवर्ष आयोजित होती है। जिसका मूल्यांकन देशभर की प्रान्तीय समितियों द्वारा होता है। प्रत्येक समिति द्वारा मूल्यांकन के उपरान्त श्रेष्ठ 5 निबन्धों को राष्ट्रीय कार्यालय कुरूक्षेत्र को भेजा जाता है। कुरूक्षेत्र में प्राप्त श्रेष्ठ 177 निबन्धों में संस्थान के निर्णायक मंडल द्वारा 11 निबन्धों का चयन किया जाता है। 
 
इस उपब्धि पर विद्यालय की प्रबन्ध समिति के प्रबन्धक शिव कुमार पाल, प्रधानाचार्य डॉ विन्ध्यवासिनी प्रसाद त्रिपाठी एवं शिक्षकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए निशि शर्मा को शुभकामनाएं दी है।