UPSC CSE 2023 Final Result: आईएएस बनकर स्वर्गीय पिता के सपने को किया साकार...कर्वी निवासी अर्पित को मिली 136वीं रैंक

कोरोना की चपेट में आने से हुआ पिता का निधन

UPSC CSE 2023 Final Result: आईएएस बनकर स्वर्गीय पिता के सपने को किया साकार...कर्वी निवासी अर्पित को मिली 136वीं रैंक

चित्रकूट, अमृत विचार। जिला मुख्यालय निवासी अर्पित यादव ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा 2023 में सफलता हासिल कर परिवार और जिले का नाम रोशन किया है। 136वीं रैंक पाने वाले अर्पित के पिता की कोरोना से मृत्यु हो गई थी। वह कहते हैं कि उन्होंने अपने स्वर्गीय पिता के सपने को साकार किया है। 

संघ लोक सेवा आयोग ने मंगलवार को सिविल सेवा परीक्षा 2023 का अंतिम परिणाम जारी किया। इसमें चित्रकूट मुख्यालय अंतर्गत अहिरनपुरवा निवासी अर्पित यादव का भी नाम है। अर्पित ने बेड़ी पुलिया के पास स्थित बैजनाथ भारद्वाज विद्या मन्दिर इंटर कालेज से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट उत्तीर्ण किया और इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय में दाखिला लिया था। 

वह हिन्दी साहित्य विषय से परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। हिंदी माध्यम के स्कूलों से शिक्षा ग्रहण करने वाले अर्पित ने सफलता का श्रेय अपनी माता मीरा देवी और पिता स्व. राममूरत यादव को दिया है। राममूरत यादव प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक थे और कोरोना की चपेट में आने से उनकी मृत्यु हो गई थी।  

उन्होंने बताया कि उन्होंने इस परीक्षा में सफलता हासिल कर अपने पिता के सपने को पूरा किया है। बताया कि वह अपने बच्चों की पढ़ाई-लिखाई को लेकर सजग रहा करते थे। उनकी ही प्रेरणा से आज उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। यह उनका दूसरा प्रयास था। उनको अखिल भारतीय स्तर पर 136वीं रैंक प्राप्त हुई है। 

खास बात यह है कि अर्पित को हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में जिले की मेरिट में स्थान नहीं मिला था। इस पर अर्पित ने कहा कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में टाप न कर पाने वाले बच्चे भी आईएएस बन सकते हैं। इसके लिए सभी को हौसले की जरूरत होती है। सफलता पर अर्पित के छोटे भाई आलोक और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता जताई और स्वर्णिम भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

ये भी पढ़ें- Kanpur News: नपा के कंप्यूटर ऑपरेटर का रिश्वत लेते वीडियो वायरल...पालिका ईओ ने मांगा स्पष्टीकरण