किच्छा: पति-पत्नी पर महिला एवं उसकी पुत्री के साथ मारपीट का आरोप

किच्छा: पति-पत्नी पर महिला एवं उसकी पुत्री के साथ मारपीट का आरोप

किच्छा, अमृत विचार। मेहनत मजदूरी कर अपना तथा अपनी पुत्री का भरण पोषण कर रही पीड़िता महिला के साथ दबंग पति- पत्नी ने घर में घुसकर मारपीट की। पीड़िता ने आरोपियों पर पीड़िता के मकान पर जबरन कब्जा करने की नीयत से बेवजह परेशान करने का आरोप लगाते हुए आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की पुलिस से गुहार लगाई है। 

फिलहाल पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर जांच प्रारंभ कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में वार्ड नंबर 11, नई सुनेहरी निवासी श्रीमती नाजरीन पत्नी इसरार ने बताया कि वह अपनी 18 वर्षीय पुत्री के साथ घर पर अकेली रहती है तथा मेहनत मजदूरी कर परिवार का गुजर बसर करती है।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि वार्ड 11 निवासी  असलम सैफी उसकी पत्नी श्रीमती शहनाज आए दिन पीड़िता तथा उसकी पुत्री के साथ गाली गलौज कर उसके घर पर जबरन कब्जा करने की नीयत से परेशान करते हुए पुत्री को उठा ले जाने की धमकी देते हैं। पीड़िता ने बताया कि रात्रि करीब 10:30 बजे वह अपनी पुत्री के साथ घर पर सोई हुई थी इसी दौरान दोनों आरोपियों ने गाली गलौज तथा गंदी-गंदी गालियां देते हुए दरवाजा पीटना शुरू कर दिया।

आरोप है कि पीड़िता के दरवाजा खोलते ही आरोपी असलम  सैफी तथा उसकी पत्नी शहनाज जबरन घर में घुस आए और पीड़िता एवं उसकी पुत्री के साथ जमकर मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। पीड़िता ने बताया कि उसका पूर्व में ऑपरेशन हो चुका है तथा पेट में गंभीर चोट लगने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गई है।

पीड़िता के अनुसार आरोपी गुंडा किस्म के  लोग हैं और पीड़िता के मकान पर जबरन कब्जा करने  की नियत से पीड़िता को परेशान किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने महिला की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।