बरेली: संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
बरेली, अमृत विचार। संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत हो गई। परिवार वालों ने ससुराल वालों पर उसकी हत्या कर शव को आत्महत्या का रूप देने के लिए फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला के परिवार की तरफ से ससुराल वालों के खिलाफ तहरीर दे दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, थाना इज्जतनगर की शिकारपुर निवासी शब्बीर खान की 20 वर्षीय बेटी राजिया ने वहीं के रहने वाले कासिम से 2 साल पहले प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से ही उसके ससुराल वाले उसे दहेज न लाने का ताना देने लगे और उसको प्रताड़ित कर मारते पीटते थे। जिसको लेकर उसने अपने मायके में भी बताया था। ससुराल वाले दहेज में कार की मांग कर रहे थे।
जिसके बाद शुक्रवार सुबह तड़के उसका शव फंदे पर लटका हुआ था। परिवार वालों का आरोप है उसकी हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया गया। उसके बाद उसके ससुराल वाले फरार हो गए। इस मामले में महिला के परिवार की तरफ से ससुराल वालों के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच में जुट गई है।
ये भी पढ़ें- Bareilly News: शहर में बिना रजिस्ट्रेशन के पाले जा रहे पिटबुल डॉग