बरेली: कंट्रोल रूम...दर्जनभर से अधिक ईवीएम खराब होने की आईं शिकायतें

कई स्थानों पर एक घंटे तक रुका मतदान, दूसरी ईवीएम लगाई

बरेली: कंट्रोल रूम...दर्जनभर से अधिक ईवीएम खराब होने की आईं शिकायतें

बरेली, अमृत विचार। बरेली और आंवला लोकसभा सीट के लिए मतदान शुरू होते ही कंट्रोल रूम पर शिकायतें आनी शुरू हो गईं। सुबह से शाम तक कुल 135 शिकायतें प्राप्त हुईं। इसमें दर्जनभर से अधिक ईवीएम मशीन में खराबी की थीं। पुलिस-प्रशासन का दावा है कि सभी शिकायतों का तत्काल निस्तारण करा दिया गया।

सबसे पहले वोट न बनने और पर्ची न मिलने की शिकायतें आईं। कुछ ने वोटर आईडी पर नाम गलत अंकित होने की बात कही। दर्जन भर से अधिक ईवीएम में तकनीकी खराबी से संबंधित आईं। शिकायतें मिलते ही ईवीएम को बदला गया। हार्टमन कॉलेज में सुबह आठ बजे ईवीएम खराब हो गई। जिसे सही कराया गया।

आंवला क्षेत्र के सैंजनी में विशेष पाल वोट डालने पहुंचे तो उनका नाम सूची से गायब था। कागजों में उन्हें मृत दर्शा दिया गया था। इस पर उन्होंने हंगामा किया। सुरक्षा में तैनात कर्मियों ने बीएलओ के पास भेज कर नाम सत्यापित कराने को कहा। इसी तरह बिथरी में बूथ 280, 283,284,288 पर ईवीएम में खराबी से मतदान एक घंटे की देरी से शुरू हुआ। तिलक इंटर कॉलेज के पोलिंग बूथ पर 41 वोट पड़ने के बाद ईवीएम खराब हो गई, जिसके बाद दूसरी ईवीएम लगाई गई, लेकिन फिर भी समस्या हल नहीं हुई। इस वजह से करीब एक घंटे तक मतदान प्रभावित रहा और लोग परेशान दिखे। इस दौरान इंतजार करने के बाद कुछ मतदाता वापस लौट गए। ईवीएम चालू होने पर मतदान शुरू हो सका। ककराला स्थित मदरसा फैज-ए-आम मतदान केंद्र 360 पर ईवीएम छह बार खराब हुई। वहीं, सेंथल के मतदान केंद्र 106 पर भी ईवीएम में खराबी से मतदान प्रभावित हुआ।

व्हीलचेयर न मिलने से हुई दिक्कत
कई पोलिंग बूथों पर व्हीलचेयर उपलब्ध नहीं होने से बुजुर्गों, दिव्यांगों और बीमार मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। सीबीगंज में बूथ 260 पर सड़क निर्माण न कराए जाने से मतदान करने लोग नहीं पहुंचे। अधिकारियों ने गांव वालों को समझाकर मतदान कराया। क्योलड़िया के बूथ 339 से भी मतदान बहिष्कार की शिकायत मिली। यहां तीन घंटे में सिर्फ नौ लोग वोट डालने पहुंचे। गांव जगतपुर में विकास कार्य न कराए जाने के विरोध में वोटर नाराज दिखे। एक्स पर भी लोगों ने शिकायतें कीं। नवाबगंज में एक सिपाही पर आरोप लगा कि वह वोटरों के साथ बदसलूकी कर रहा है। शीशगढ़ में बीएलओ पर एक पार्टी का प्रचार करने का आरोप लगा। एक स्थाना से शिकायत आई कि ईवीएम पर सपा का चिन्ह मिस प्रिंट है, इसे ठीक कराया जाए। वोटर भ्रमित हो रहे हैं।

ये भी पढ़ें- बरेली: दो दिन 30 से ज्यादा ट्रेनों का संचालन होगा प्रभावित