हल्द्वानी: बोले धामी - कांग्रेस में भगदड़ मची है, पहले नेता बचा लें फिर करेंगे प्रत्याशियों का ऐलान

अंकुर शर्मा, हल्द्वानी, अमृत विचार। कांग्रेस में भगदड़ मची हुई है, आज मनीष खंडूरी भाजपा में आ गए हैं, कईयों की कतार लगी हुई है। कांग्रेस के सामने संकट है कि वह पहले नेता बचा लें फिर उम्मीदवार की घोषण कर पाएंगे’ यह जवाब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विपक्ष के संसदीय सीटों से उम्मीदवारों की घोषणा नहीं होने पर कहा।
मुख्यमंत्री धामी ने शुक्रवार को लाभार्थी सम्मेलन में कहा कि भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनैतिक संगठन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने अब की बार 400 पार का लक्ष्य रखा है। जनता का विश्वास और प्यार भाजपा को मिल रहा है। ऐसे में विपक्ष के वरिष्ठ नेतृत्व व पदाधिकारी भाजपा में शामिल होना चाहते हैं। कमोबेश देश भर में विपक्ष के दलों की यही हालत है। उन्होंने आगामी चुनाव के मद्देनज कांग्रेस के कई चेहरों के भाजपा में शामिल होने की संभावना भी जताई। उन्होंने कहा कि विपक्ष से नेताओं के आने का सिलसिला शुरू होगा, जल्द ही पता चल जाएगा। वहीं कैबिनेट विस्तार पर उन्होंने कहा कि संगठन स्तर पर इसको लेकर चर्चा चल रही है। जल्द ही इस पर भी फैसला लिया जा सकता है। धामी ने कहा कि इस बार पांचों संसदीय सीटें जीतकर प्रदेश प्रधानमंत्री मोदी को मजबूती देगा।
कुछ कुचक्रों के बाद भी धामी सीएम बने और खुद को साबित किया
हल्द्वानी, अमृत विचार : केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्यमंत्री अजय भट्ट ने कहा कि प्रदेश में विकास की लहर है, प्रदेश विकास पथ पर अग्रसर है। प्रधानमंत्री का देवभूमि उत्तराखं के लिए अनेकों कार्यों का जो संकल्प लिया है जल्द ही धरातल पर उतरने वाले हैं। उन्होंने कहा कि कुछ कुचक्रों के बाद धामी मुख्यमंत्री बनें और विकास की गंगा बहाई।
वह जल्द ही देहरादून-टनकपुर एक्सप्रेस का उद्घाटन करेंगे। 6729 लाख का स्टेशन बनेगा। काठगोदाम से नैनीताल के लिए रोपवे बन रहा है। 18 मिनट में नैनीताल पहुंच जाएंगे। 177 करोड़ बलियानाला ट्रीटमेंट के लिए दिया है। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी उनसे (अजय भट्ट) नाराज हो लेकिन प्रधानमंत्री मोदी को मजबूत करना है इसलिए भाजपा को ही वोट दें। तभी वर्ष 2047 तक भारत विश्वशक्ति बनेगा।