Budaun: शादी के कुछ घंटे बाद ही विधवा हो गई दुल्हन, आंखों से छलकते रहे आंसू...जानिए कैसे मातम में बदली खुशी

Budaun: शादी के कुछ घंटे बाद ही विधवा हो गई दुल्हन, आंखों से छलकते रहे आंसू...जानिए कैसे मातम में बदली खुशी

बदायूं, अमृत विचार। शादी के कुछ ही घंटों के बाद एक दुल्हन विधवा हो गई। तहसील बिसौली में शादी के बाद दूल्हे के परिजन दुल्हन को कार से ले गए जबकि दूल्हा अपनी मां और परिचित के साथ बाइक से जा रहा था। बिसौली क्षेत्र में उनकी बाइक ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई। हादसे में दूल्हे की मौके पर मौत हो गई। परिवार में चीत्कार मच गया।

थाना इस्लामनगर क्षेत्र के गांव चांदपुर निठाया निवासी जितेंद्र (22) पुत्र जसवंत की शादी गुरुवार को बिसौली के मदन लाल इंटर कॉलेज में आयोजित हुए सामूहिक विवाह समारोह में गांव जलालपुर निवासी प्रियंका के साथ हुई थी। शादी के बाद दोनों पक्षों में खुशी थी। वह लोग अपने घर लौट रहे थे। 

परिवार के लोग प्रियंका को विदा कराकर कार से घर ले गए जबकि दूल्हा जितेंद्र, उनकी मां अनारकली और उनके साथी धारा सिंह बाइक से वापस घर लौट रहे थे। कोतवाली बिसौली की पुलिस चौकी बुध बाजार के पास आलू लदी ट्रैक्टर-ट्राली से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। जिसके बाद उनकी बाइक ट्रैक्टर में फंस गई। ट्रैक्टर जितेंद्र के ऊपर से गुजर गया। शरीर दो टु़कड़ों में बंट गया। वहीं ट्रैक्टर-ट्राली सड़क किनारे पलट गई। जितेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी मां अनारकली व धारा सिंह घायल हो गए। 

पुलिस की सूचना पर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। परिवार की खुशी मातम में बदल गईं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लोगों के अनुसार सूचना देने के तकरीबन एक घंटे के बाद एंबुलेंस पहुंची। बिसौली कोतवाल सुनील अहलावत ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घायलों का इलाज चल रहा है।

ये भी पढ़ें- Budaun: बच्चों के विवाद में गर्भवती से मारपीट, चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज