‘तो इस बसंत में भगवा हो जाएंगे कांग्रेस के राज ’, पढ़िए UP की राजनीति से जुड़ी ये बड़ी खबर    

‘तो इस बसंत में भगवा हो जाएंगे कांग्रेस के राज ’, पढ़िए UP की राजनीति से जुड़ी ये बड़ी खबर    

रंजीत गुप्ता/ फिरोजाबाद, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव आते ही सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं,  सियासतदार भी अपने-अपने रंग बदलने लगे हैं। बिहार से इंडिया गठबंधन के साथियों के बिछड़ने का जो सिलसिला शुरू हुआ है वह कांग्रेस के अंदर तक जा पहुंचा है। पहले आचार्य प्रमोद कृष्णम कांग्रेस से जुदा हुए तो अब कांग्रेस में राहुल गांधी के करीबी माने जाने वाले और उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राज बब्बर भी अब कांग्रेसी झंडे को छोड़कर बसंत की बहार में भगवा होने को बेताब हैं। राज बब्बर के नजदीकी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक करीब एक साल से राज बब्बर भाजपा के संपर्क में थे, लेकिन बीच में हिमाचल कर्नाटक चुनाव के नतीजे के बाद राज बब्बर ने खुद को भाजपा की संपर्क गतिविधियों से थोड़ा अलग रखा लेकिन हाल ही में तेलंगाना छत्तीसगढ़ मध्य प्रदेश और राजस्थान के चुनाव नतीजे आने के बाद राज बब्बर ने फिर से अपनी सियासी कसरत शुरू कर फिर से भाजपा से संपर्क साध लिया। 

12 - 2024-02-02T163142.850

खबर है कि फरवरी के अंत तक राज बब्बर फरवरी के महीने में भगवा चोला ओढ़ कर भाजपा के टिकट पर फिरोजाबाद लोकसभा से अपना सियासी सफर भाजपा के साथ शुरू करेंगे। राज बब्बर फिरोजाबाद लोकसभा से 2009 में उपचुनाव में कांग्रेस टिकट पर सांसद चुने गए थे और उन्होंने समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी डिंपल यादव को बड़े अंतर से चुनाव हराया था। 2019 में यह सीट सपा के खाते से भाजपा के खाते में आ गई थी भाजपा फिरोजाबाद लोकसभा सीट को किसी भी कीमत पर अब हारना नहीं चाहती इसलिए राज बब्बर को भाजपा ने फिरोजाबाद से चुनाव लड़ने का न्योता दिया है जिसको राज बब्बर भी स्वीकार कर चुके हैं। क्योंकि उन्हें पता है कि वह लगातार 2014 में गाजियाबाद और 2019 में फतेहपुर सीकरी से दो चुनाव कांग्रेस के टिकट पर हारे हैं और अगर इस बार हारते हैं तो उनका राजनीतिक कैरियर भी खतरे में आ जाएगा। 

जानकार बताते हैं कि राज बब्बर के फिरोजाबाद से चुनाव लड़ने की चर्चा यूं ही नहीं है क्योंकि राज बब्बर बहुत जल्दी फिरोजाबाद और टूंडला के लोगों के फोन नहीं उठाते हैं। लेकिन अभी आलम यह है कि राज साहब अगर किसी की मिस कॉल भी देख लेते हैं तो पलट कर तुरंत फोन करने लगे हैं। जानकारों का आंकलन है कि राज बब्बर निश्चित तौर पर भाजपा के टिकट पर यहां अपनी दावेदारी पेश करेंगे ।

ये भी पढ़ें -अब आधी आबादी को विधानसभा और संसद पहुंचने से कोई नहीं रोक सकता : सीएम योगी