हल्द्वानी: व्यापारियों ने दलील और कागज पेश किये, अब फैसला प्रशासन का

हल्द्वानी, अमृत विचार। नैनीताल और बरेली रोड के चौड़ीकरण में प्रभावित दुकानदार गुरुवार को नगर निगम पहुंचे। लगातार दूसरे दिन हुई सुनवाई में व्यापारियों के साथ उनके अधिवक्ताओं ने अपने पक्ष रखे। सुनवाई खत्म हो चुकी है और अब कागजों का परीक्षण करने के बाद प्रशासन आगे की कार्रवाई करेगा।
सड़क चौड़ीकरण के मामले में जब व्यापारी हाईकोर्ट पहुंचे तो उनका पक्ष देखने के आदेश हाईकोर्ट ने दिए। बुधवार को 48 व्यापारियों ने भू स्वामित्व के कागज दिखाए। नगर निगम के 25 किराएदार भी अतिक्रमण की जद में शामिल हैं। इन किराएदारों में से एक किराएदार के अधिवक्ता ने दलील रखी कि इस तरह से किसी दुकानदार को हटाया जाना कानून के खिलाफ है।
उन्होंने हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के फैसलों की नजीर रखीं और साथ ही संविधान का भी हवाला दिया। 30 निजी संपत्तियों के मालिकों में से केवल 9 लोग ही संपत्ति की रजिस्ट्री प्रस्तुत कर पाए हैं। बाकी के 21 लोग भू स्वामित्व के कागज नहीं दिखा पाए हैं। सुनवाई के दौरान काफी गहमागहमी का माहौल रहा। नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि जमीन का मालिकाना हक दिखाना होगा। इस वजह से काफी व्यापारी परेशान भी दिखे। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह, लोनिवि अधिशासी अभिंतया अशोक कुमार थे।
कागजों के परीक्षण के चलते टल सकती है कार्रवाई
हल्द्वानी। प्रशासन ने दुकानदारों को 25 जनवरी तक की मोहलत दी। इसके बाद प्रशासन को व्यापारियों के पक्ष की सुनवाई करनी पड़ गई। व्यापारियों ने अपनी दलीलें और कागज रख दिए हैं। अब प्रशासन को इन सबका अवकोलन करना है। इसके बाद प्रशासन अगला आदेश जारी करेगा। बताया जा रहा है कि कागजों के परीक्षण तक कार्रवाई टल गई है लेकिन आगे की कार्रवाई क्या होगी अब प्रशासन पर निर्भर करता है।
आधे दिन बंद रखीं दुकानें
हल्द्वानी। सुनवाई के चलते गुरुवार को भी आधे दिन व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। दोपहर दो बजे के बाद ही व्यापारियों अपनी दुकानें खालीं। हालांकि व्यापारियों के चेहरे पर चिंता की लकीरें स्पष्ट थीं।
जो भी तथ्य रखें, उसका प्रमाण दें
हल्द्वानी। सुनवाई के दौरान नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय ने व्यापारियों और अधिवक्ताओं से कहा कि आपको अपने बचाव में जो भी तर्क रखने हैं वह प्रमाण पत्र के साथ रखें। उन्होंने कहा कि न्यायालय के आदेशों की जो दलील दी जा रहीं हैं उसके प्रमाण प्रस्तुत करें। जिससे परीक्षण सही तरह से हो सके।
व्यापारियों की सुनवाई पूरी हो गई है। नगर निगम के किराएदार भी अपनी बात रखने आए थे। सभी ने अपनी ओर से पक्ष और कागज प्रस्तुत कर दिए हैं। अब इनका परीक्षण किया जाना है। उसके बाद आगे का आदेश जारी होगा।
-पंकज उपाध्याय, नगर आयुक्त, हल्द्वानी