मुरादाबाद के पेट्रोल-सीएनजी पंपों पर हवा गुल, कहीं हवा भरने की मशीन खराब मिली तो कहीं कर्मचारी ही गायब

आश्चर्य : कांठ और दिल्ली रोड के अधिकतर पंपों पर यह सेवा दिखावा, हर केंद्र के पास निजी तौर पर सेवा देने वालों की है बल्ले-बल्ले

मुरादाबाद के पेट्रोल-सीएनजी पंपों पर हवा गुल, कहीं हवा भरने की मशीन खराब मिली तो कहीं कर्मचारी ही गायब

मुरादाबाद, अमृत विचार। महानगर क्षेत्र के पेट्रोल और सीएनजी पंपों पर जरूरी संसाधन की पड़ताल में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। अति विशिष्ट क्षेत्र के पंपों पर वाहनों के लिए हवा तक नहीं है। वाणिज्य और कारोबारी सेवा वाले टीपी नगर क्षेत्र के पंपों की और चिंताजनक स्थिति पाई गयी। कहीं हवा भरने की मशीन खराब मिली तो कहीं कर्मचारी ही गायब थे। अन्य जरूरी सेवाओं की बात तो अभी दूर है। यू कहें कि यहां पंपों पर हवा ही गोल है।  

जनकवि दुष्यंत कुमार की एक रचना यहां मौजू है। रचना है- कहां तो तय था चराग कर घर के लिए, यहां चराग मयस्सर नहीं सहर (भोर-तड़के) के लिए। यानी की मंडल मुख्यालय पर अधिकारियों के निवास वाले क्षेत्र में भी पंपों की यहां स्थिति है। महानगर के कांठ रोड (मुरादाबाद- हरिद्वार हाईवे) स्थित ग्रांड विलेज होटल के नजदीक के पंप के कर्मचारी असगर ने बताया कि बगल में आसिफ की दुकान है, वहां से गाड़ी में हवा भरी जा सकेगी। बाटा हाउस के सामने मुकुल फीलिंग स्टेशन पर हवा भरने वाली मशीन ही नही है। कर्मचारी ने बताया कि पुरानी मशीन खराब हो गयी है। इसलिए यह सुविधा इस समय नही है। नई मशीन आ गयी है, जल्द सेवा शुरू हो जाएगी। पीएसी गांधी आश्रम के नजदीक वाले पंप पर वाहनों की लंबी कतार थी। बाइक और कार में हरिओम हवा भर रहे थे। 

चरण सिंह चौक के नजदीक वाले कुंदन पंप पर दोनों ओर एयर फीडिंग मशीन मिली। दिल्ली दिशा की ओर निजी कर्मचारी वाहन का पंक्चर ठीक कर रहा था। बताया कि यह हवा भरने का केंद्र पंप वाले का नहीं है। उधर, दिल्ली रोड पर रिलायंस पंप की सेवा लेने वालों की भीड़ रही। पहले कर्मचारी मौजूद नहीं था। पाकबड़ा क्षेत्र के रहने वाले किसान सुनील कुमार मजबूरी में अपनी बाइक में स्वयं हवा भरते दिखे। इसके बाद पंप कर्मी समरपाल करीब सवा ग्यारह बजे आया और कार में हवा भरने के बाद बताया कि मशीन सही है। मंडी बाईपास पर टोरेंट कंपनी का सीएनजी पंप है। करीब चार साल से यहां पंप की सेवा लोग ले रहे हैं। 
 

आश्चर्य यह है कि यहां अब तक हवा भरने की मशीन ही नहीं स्थापित हो पाई है। पंप पर मौजूद कर्मचारी ताहिर हुसैन ने बताया कि यहां से मात्र 500 मीटर आगे (आरटीओ की ओर) इडियन आयल का पंप है, वहां पर यह सेवा है। गागनवाली मैनाठेर मुहल्ले की मुख्य सड़क के कोने पर दो साल से पंप संचालित है, लेकिन अब तक इस पंप पर हवा भरने की मशीन ही क्रियाशील नहीं लगी है। उधर, इस पंप के पहले यानी चौहानों की मिलक क्षेत्र में बिलारी की प्रमुख का पंप है। भाजपा नेता राजपाल सिंह के इस पंप के कर्मचारी ने बताया कि अभी हवा की सेवा शुरू नहीं हो पाई है। मशीन स्थापित कर दी गयी है।

मंडलायुक्त स्तर से इस विषय की निगरानी कराई जा रही है। प्रसाधन, फर्स्ट एड सेवा और वाहनों के हवा के मुद्दे पर किसी प्रकार की बहानेबाजी का कोई सवाल ही नहीं उठता। विभिन्न स्रोत की सूचनाओं की छानबीन कराई जाएगी। टीम भेजकर हवा भरने की मशीनों का विवरण एकत्र कराएंगे।-अजय प्रताप सिंह, जिलापूर्ति अधिकारी

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : रामपुर बाईपास पुल के नीचे पानी के गड्ढे में मिला बालक का शव, सिर पर चोट के निशान

ताजा समाचार

Unnao: एआरटीओ प्रवर्तन को पाकिस्तान के नम्बर से आई कॉल, फोन करने वाले ने कहा ये...सुनकर सहमे अधिकारी, जानिए पूरा मामला
Kanpur: एपी फैनी जमीन मामला: सलीम बिरयानी ने खोले कई गहरे राज; सफेदपोश समेत 12 नाम उजागर
चेतावनी बिंदु के पास पहुंच रहा है गंगा का जलस्तर : विधायक और डीएम ने 150 बाढ़ पीड़ियों को बांटी राशन सामग्री
100 से अधिक लोगों को मकान खाली करने की नोटिस : खलिहान और रास्ते की जमीन पर मकान बनाने का आरोप
Jalaun: जुआ खिलवाने में थानाध्यक्ष और 2 सिपाही निलंबित; 17 जुआरी भी गिरफ्तार, इतने लाख रुपये बरामद...
लखीमपुर खीरी: भाजपा जिलाध्यक्ष के भाई ने तमंचे से खुद को गोली से उड़ाया