बरेली: सत्यापन न होने से रुकी विधवा पेंशन, जिला प्रोबेशन कार्यालय में विधवा पेंशन के लिए महिलाएं हो रहीं परेशान

बरेली: सत्यापन न होने से रुकी विधवा पेंशन, जिला प्रोबेशन कार्यालय में विधवा पेंशन के लिए महिलाएं हो रहीं परेशान

बरेली,अमृत विचार : जिला प्रोबेशन कार्यालय में विधवा पेंशन के लिए महिलाएं परेशान हो रही हैं। सत्यापन नहीं होने से उनकी पेंशन रोक दी गई है। इससे महिलाएं दूर-दराज से आकर कार्यालय में चक्कर काट रही हैं। कई महिलाओं की एक साल से पेंशन नहीं आई है।

पिछले साल सितंबर से विधवा पेंशन के लिए सत्यापन हुए। कई महिलाएं सत्यापन में ब्लाॅक स्तर से ही पात्रता से बाहर हो गईं। कई महिलाओं का आधार बैंक से लिंक नहीं होने से पेंशन रुक गई। पेंशन न मिलने से महिलाओं को काफी परेशानी हो रही है।

महिलाओं ने बतायी अपनी समस्या: विधवा पेंशन डेढ़ साल से नहीं आ रही है। घर से भी कोई साथ आने वाला नहीं है। आधार लिंक को खाते से जोड़ने के बाद भी अब तक पेंशन नहीं आई। लगातार चक्कर लगा रहे हैं। - जावित्री, आंवला

एक साल पूरा हो गया लेकिन अब तक पेंशन नहीं मिली। धौराटांडा के पास गांव है, जिसकी वजह से यहां आने-जाने में भी दिक्कत होती है और किराया भी ज्यादा लगता है। -राइसन, धौराटांडा

पिछले साल अगस्त में पेंशन आई थी। उसके बाद से नहीं आ रही है, जिसकी वजह से काफी परेशानी हो रही है। -रामवती, चंदन नगर

पेंशन पिछले छह महीने से नहीं आ रही है। बैंक में दो खाते हैं, उसी में गड़बड़ी से दिक्कत हुई ओर अब लगातार चक्कर लगा रही हूं। -सावित्री, पचौमी

पिछले 28 साल से पेंशन आ रही थी लेकिन अब डेढ़ साल से पेंशन आना बंद हो गई है। प्रधान ने सत्यापन में गड़बड़ी करवा दी। -भूदेही, निसोई