मुरादाबाद : कल नहाय खाय से होगी सूर्योपासना के महापर्व छठ की शुरुआत
20 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रती करेंगी छठ पूजा का पारण

मुरादाबाद, अमृत विचार। आस्था के महापर्व छठ पूजा का आरंभ शुक्रवार 17 नवंबर से हो रहा है। चार दिवसीय छठ पर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होगी। पर्व की विभिन्न संस्थाओं ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। रामगंगा घाट के साथ बुद्धि विहार, लाइनपार आदि क्षेत्रों में भी छठ पूजा की तैयारी की गई है।
हर साल कार्तिक मास की शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि के दिन नहाय-खाय से व्रत की शुरुआत होती है। छठ पूजा के दौरान छठ मैया और सूर्यदेव की पूजा की जाती है। छठ पूजा के पर्व को सूर्य षष्ठी के नाम से भी जाना जाना जाता है। इस पर्व को संतान के लिए रखा जाता है। छठ का व्रत काफी कठिन होता है क्योंकि इस दौरान व्रती को लगभग 36 घंटे तक निर्जल व्रत रखना होता है।
कार्तिक माह की चतुर्थी तिथि को पहले दिन नहाय खाय, दूसरे दिन खरना, तीसरे दिन डूबते सूर्य व चौथे दिन उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। इसके बाद व्रत का पारण किया जाता है। पूर्वांचल जन कल्याण संस्था के संरक्षक डॉ. अतुल नाथ ने बताया कि यह पर्व शुक्रवार को नहाय खाए से शुरू होगा। 18 नवंबर को खरना, 19 नवंबर को डूबते हुए सूर्य भगवान को अर्घ्य दिया जाएगा।
इसका समापन 20 नवंबर को उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने से किया जाएगा। बता दे कि हिंदू धर्म में छठ पूजा का विशेष महत्व है। 36 घंटों तक कठिन नियमों का पालन करते हुए इस व्रत को रख जाता है। छठ पर्व का मुख्य व्रत षष्ठी तिथि को रखा जाता है। लेकिन यह पर्व चतुर्थी से आरंभ होकर सप्तमी तिथि को प्रातः सूर्योदय के समय अर्घ्य देने के बाद समाप्त होता है।
पूजा के लिए घाटों की सफाई का काम हुआ पूरा
मुरादाबाद। छठ पूजा की तैयारी के लिए गुरुवार को घाटों पर साफ-सफाई का काम पूरा किया गया। इसमें नगर निगम टीम ने भी सहयोग किया। बुद्धि विहार में छठी मैया पूजा पार्क में भूपेश सिंह और अमन सिंह की देखरेख में घाटों की साफ-सफाई का काम पूरा हुआ। लाइनपार आदर्श नगर के पास छठ घाट की तैयारी अंकित सिंह एवं डीवी सिंह की अगुवाई में हुई।
कपूर कंपनी होलिका मंदिर के पास भी छठ पूजा की तैयारी विशाल सिंह गोलू एवं दिशांत शुक्ला की देखरेख में पूरी हुई। रेलवे हरथला कॉलोनी में आरपीएफ ग्राउंड में अमित दुबे द्वारा छठ घाट की तैयारी पूरी की गई। इसमें समिति के सदस्य अजित सिंह, परमजीत सिंह, भूपेश कुमार सिंह, धर्मवीर सिंह, अमन सिंह, मुनेंद्र गिरी, निशांत कुमार सिंह, राजेश कुमार सिंह, उमेश भारती, अंकित सिंह, शिवम सिंह, मंजीत सिंह, श्रीकांत वर्मा, रूपलाल, रंजीत सिंह, हेमंत कुमार झा, बेबी सिंह, सुजीता सिंह, रजनी सिंह, सोनी दुबे, तान्या सिंह, शालू सिंह, सलोनी सिंह, पिंकू देवी, कंचन सिंह आदि ने सहयोग किया।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: डांसर सपना चौधरी मामले में परिवादी के अधिवक्ता ने की बहस