हल्द्वानी: कचरा मुक्त भारत बनाना तो स्वच्छता अभियान हर दिन है चलाना 

हल्द्वानी: कचरा मुक्त भारत बनाना तो स्वच्छता अभियान हर दिन है चलाना 

हल्द्वानी, अमृत विचार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कचरा मुक्त भारत बनाने के लिए सभी को एकजुट होना होगा, सभी पर्यावरण मित्रों, सरकारी व गैर सरकारी संगठनों को स्वच्छता का संकल्प लेना होगा। 

सीएम धामी रविवार को नैनीताल रोड स्थित शहीद पार्क पहुंचें। यहां उन्होंने स्वच्छता सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 12 करोड़ इज्जत घर (शौचालय) बनाकर महिलाओं को सम्मान दिया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छ भारत का सपना देखा था। पीएम मोदी ने इस सपने को जन-जन तक पहुंचाया और स्वच्छता पखवाड़ा अभियान चलाया। यह अभियान सिर्फ आज का नहीं बल्कि हर दिन का होना चाहिए। उन्होंने बताया कि जब वह ब्रिटेन दौरे पर थे तो लंदन में ब्रिटेन के पर्यटन से उनकी मुलाकात हुई।

मंत्री ने बताया कि जी-20 में भारत भ्रमण पर आए थे और उन्होंने भारत के अलग-अलग शहरों का भ्रमण किया और लोक संस्कृति देखी। जी-20 के देश भर में 200 से अधिक कार्यक्रम हुए। इससे पर्यटन को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा मिलेगा। जो प्रतिनिधि अन्य देशों से आए थे, अब वे ब्रांड एंबेसडर बनकर भारत की ब्रांडिंग करेंगे।

अब विदेशों में भी भारत के प्रति विश्वास, श्रद्धा बढ़ी है। नेपाल का प्रतिनिधि मंडल ने मुलाकात की है, जल्द ही इस पर भी काम होगा। दुनिया में तरक्की के लिए स्वच्छता ही माध्यम बनेगी। इसके बाद उन्होंने शहीद पार्क पर पहुंचकर स्मारक पर पुष्प चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। बाद में पार्क में झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया।

इस दौरान केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश संगठन मंत्री अजेय कुमार, जिलाध्यक्ष  प्रताप बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष बेला तोलिया, भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा, मेयर डॉ. जोगेन्द्र पाल सिंह रौतेला,  मंडी अध्यक्ष प्रो. अनिल कपूर डब्बू, नवीन भट्ट, रंजन बर्गली, रवींद्र बाली, जेडए वारसी, हुकुम सिंह कुंवर आदि मौजूद रहे। 

 प्रदेश प्रवक्ता विकास भगत को रोक दिया  
सर्किट हाउस में सीएम धामी की फ्लीट रवानगी के लिए तैयार थी। इस बीच प्रदेश प्रवक्ता विकास भगत, मंडी बोर्ड के चेयरमैन अनिल कपूर डब्बू भी गाड़ी के लिए चल दिए। इस बीच एक पुलिस कर्मी ने उन्हें रोक लिया। इसको लेकर विकास भगत की कर्मी से भी बहस हुई। बाद में कर्मी को पता चला कि वह विधायक पुत्र व प्रदेश प्रवक्ता हैं तो वह नरम हो गया।

संगठन मंत्री ने भी उठाया कूड़ा 
संगठन मंत्री अजेय कुमार भी शहीद पार्क में पहुंचे। उन्होंने जिला महामंत्री रंजन बर्गली के साथ पार्क में स्वच्छता अभियान चलाया। उन्होंने जगह-जगह से कूड़ा उठाकर फेंका। 

पूरन दा के घर पहुंचकर जताया शोक
मुख्यमंत्री धामी भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पूरन चंद्र शर्मा के देवलचौड़ स्थित आवास पर पहुंचे। उन्होंने पूरन दा की मौत पर शोक जताया और भाई कैलाश शर्मा व बेटी को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि पूरन दा भाजपा के सच्चे कार्यकर्ता थे और पहाड़ की विकास की सोच रखने वाले थे। उन्होंने परिजनों को हर  मदद का आश्वासन दिया।