पीलीभीत : धार्मिक स्थल के 100 मीटर दायरे की 33 मीट शॉप होंगी बंद

पीलीभीत : धार्मिक स्थल के 100 मीटर दायरे की 33 मीट शॉप होंगी बंद

पीलीभीत/बीसलपुर, अमृत विचार: धार्मिक स्थल के सौ मीटर के दायरे में संचालित हो रही नगर पालिका बीसलपुर क्षेत्र की 33 मीट की दुकानें बंद कराई जाएगी। पालिका प्रशासन इसे लेकर सख्त हुआ है।  सर्वे कराकर दुकानों को चिन्हित करने के बाद नोटिस भी जारी कर दिए गए हैं। जिसमें दुकानें बंद न करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। नोटिस मिलने के बाद दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा।

बता दें कि नियमों को ताक पर रखकर मीट की दुकानें संचालित हो रही हैं। कई बार इन्हें बंद कराने के लिए मांग की जा चुकी है लेकिन कार्रवाई को गति नहीं मिल सकी। पिछले कुछ दिनों से नगर पालिका में शिकायतें मिल रही थी कि धार्मिक स्थलों के 100 मीटर के दायरे में  कई मीट की दुकानें चल रही हैं।

इन पर कार्रवाई करने की मांग की गई थी। मामले को चेयरमैन शशि जायसवाल, ईओ शमशेर सिंह ने गंभीरता से लिया। जिसके बाद टीम लगाकर सर्वे कराया गया। जिसमें मंदिर, मस्जिद, मजार आदि के आसपास कुल 33 मीट की दुकानें निकली थी।  इसके बाद शुक्रवार को नगर पालिका की टीम ने इन दुकानों पर जाकर नोटिस चस्पा किए। संचालकों को सख्त चेतावनी दी गई कि दुकान बंद नहीं की तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ईओ शमशेर सिंह ने बताया कि मंदिर, मस्जिदों आदि के 100 मीटर दायरे वाली 33 दुकानों को नोटिस दिया गया है। इसे बंद न करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।  चेयरमैन प्रतिनिधि अमन जायसवाल ने बताया कि लगातार मिल रही शिकायतों पर सर्वे कराया गया था। उसी आधार पर कार्रवाई चल रही है। नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।

ये भी पढ़ें - पीलीभीत: मुक्तिधाम से चोरों ने समेटा सामान, सचिव बोले- पहले होती थी गश्त, अब नहीं..जानिए मामला