पीलीभीत: 41 मृतकों के खाते में भेजी जा रही थी विधवा पेंशन, होगी रिकवरी
पीलीभीत, अमृत विचार : निराश्रित महिला पेंशन योजना में फर्जीबाड़ा रोकने के लिए लाभार्थियों का सत्यापन कराया गया। इसमें 41 मृतक महिलाएं इस योजना से लाभांवित होती मिली। कई अपात्र भी पाए गए। लाभार्थियों का सूची से नाम हटाने के साथ ही खातों में डंप राशि को वापस करने की कार्रवाई शुरु कर दी गई है। जिनके परिजनों ने धनराशि को बैंक खाते से निकाल लिया है, उनसे रिकवरी कराई जा रही है।
ये भी पढ़ें - पीलीभीत: पुलिस के खिलाफ भड़का आक्रोश...हाइवे जाम कर नारेबाजी
शासन की ओर से पति की मृत्यु के बाद महिलाओं के लिए सरकार की ओर से संचालित निराश्रित महिला पेंशन योजना चल रही है। जिसमें आवेदन करने वाली महिला को प्रतिमाह हजार रुपये मिलते हैं। जिसमें पूर्व में काफी फर्जीबाड़ा सामने आया था। जिसको लेकर रोकने के लिए आधार सत्यापन और सर्वे कराया गया था। इस वित्तीय वर्ष 2023-24 में 29667 लाभार्थी पंजीकृत थे।
लगातार मिल रही शिकायतों के बाद डीपीओ प्रगति गुप्ता ने इस समस्या का समाधान करने के लिए लाभार्थियों का सर्वे करने के साथ आधार सत्यापन भी कराया था। जिसमें 41 महिलाएं मृतक पाई गई है। मरने के बाद भी उनके खाते में पेंशन पहुंच रही थी। इस बार सर्वे में वह पकड़ में आ गए। जिनको रिकवरी के लिए नोटिस जारी किया गया। इसके अलावा सत्यापन में दो महिलाएं ऐसी मिली जोकि पेंशन लेने के साथ ही दूसरी शादी कर चुकी हैं। दोनों ही पूरनपुर की रहने वाली है। इनका नाम सूची से बाहर कर दिया गया है।
अब सिर्फ 29624 लाभार्थी ही पात्र श्रेणी में आए हैं। जिनको शासन की ओर से अप्रैल, मई और जून माह की पहली किस्त की धनराशि जारी कर दी गई है। जिनके लिए दो करोड़ 96 लाख 24 हजार की धनराशि की पीएमएसएफ के द्वारा जारी की गई है। जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रगति गुप्ता ने बताया कि 29624 महिलाओं को धनराशि दी गई है।
ये भी पढ़ें - पीलीभीत: तालाब की जगह पर निर्माण से रोका तो कर दी पूर्व सैनिक की पिटाई, पत्नी को छेड़ा..जानिए मामला