हल्द्वानी: मैडम… देवकी विहार के नक्शे में पार्क है, कॉलोनी में भी बनवा दो

हल्द्वानी, अमृत विचार। देवकी विहार कॉलोनी वासियों ने जिला विकास प्राधिकरण से स्वीकृत लेआउट के अनुसार कॉलोनी में पार्क बनवाने की मांग की है। सोमवार को बिठौरिया नंबर-1 स्थित देवकी विहार कॉलोनी वासियों का एक प्रतिनिधि मंडल सिटी मजिस्ट्रेट दफ्तर पहुंचा।
यहां उन्होंने जिला विकास प्राधिकरण की संयुक्त सचिव/सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह को ज्ञापन सौंपकर कहा कि वर्ष 2004 से कॉलोनी में भूमि की खरीद-फरोख्त शुरू की। वर्तमान में 43 मकान कॉलोनी में बन चुके हैं।
कॉलोनी में भूमि क्रय करते समय कॉलोनाइजर ने सड़क, बिजली, पानी की लाइन के साथ ही पार्क की भी जानकारी दी थी। डीडीए से स्वीकृत ले आउट में भी पार्क का जिक्र है। 20 साल बाद भी इस कॉलोनी में पार्क नहीं बन सका है। कॉलोनाइजर और भूस्वामी पार्क के बारे में कुछ भी जानकारी देने से इंकार कर देते हैं। उन्होंने ले आउट के अनुसार कॉलोनी में पार्क बनवाने की मांग की।
इस पर सिटी मजिस्ट्रेट ने पार्क अवश्य बनवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जल्द ही इसको लेकर कॉलोनाइजर, भूस्वामी को निर्देश दिए जाएंगे। इस दौरान देवकी विहार विकास समिति के महासचिव रमेश चंद्र पांडे, कोषाध्यक्ष बहादुर सिंह हरड़िया, गणेश दत्त जोशी, महेश चंद्र जोशी, रेखा बिष्ट, केएस बिष्ट, प्रकाश चंद्र बिष्ट, निर्मला तिवारी, दीपा नेगी, कमला लोहनी, दीपा भौर्याल, हरिहर जोशी, विनोद जोशी आदि शामिल थे।