संभल: भारी बारिश से गिरे मकान, आधा दर्जन से अधिक लोग घायल

संभल, अमृत विचार। गुरुवार को हुई भारी बारिश से जिलेभर में शहर से गांव तक हुए जलभराव के हालात में मकान गिरने से हादसे भी हुए। गांव फिरोजपुर में मकान के मलबे में दबकर मां और तीन बच्चे घायल हो गए। कैला देवी थाना क्षेत्र के गांव गौंहत में दो किसानों के घरों की दीवार गिर गई। इसके अलााव दो मकान धराशायी भी हुए। जुनावई के गांव फतेहपुर में मकान की दीवार गिरने पर लेंटर झुक गया। रजपुरा थाने की दीवार गिरने से थाने में खड़े ट्रैक्टर सड़क पर आ गए। असमोली क्षेत्र के गांव बेला में मकान की छत गिरने से ग्रामीण और उसके दो बेटे चोटिल हुए। सरायतरीन में बिजली गिरने से मकान में दरारें आ गईं। बिजली के उपकरण भी फुंक गए।
जनपद में गुरुवार को सुबह से शुरू हुई झमाझम बारिश के बीच हादसों का सिलसिला शुरू हुआ। सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव फिरोजपुर निवासी तालिब गुरुवार की सुबह धान की फसल देखने खेत पर गया था। घर में उसकी पत्नी और बच्चे थे। करीब 10 बजे गड़गड़ाहट के साथ बिजली चमकी और फिर भरभरा कर कच्चा मकान गिर गया। इसके मलबे में तालिब के परिजन दब गए। तेज आवाज होने पर पहुंचे ग्रामीणों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबी तालिब की पत्नी शाकरीन, बेटी नूरे शिफा (15), उजैफा (5) और बेटे फजले हक (13) को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। कार्यवाहक तहसीलदार भारत प्रताप सिंह ने भी गांव पहुंचकर मौका मुआयना किया।
बिजली गिरने से मकान में आईं दरारें, उपकरण भी फुंके
हयातनगर थाना क्षेत्र में पुलिस चौकी सरायतरीन के मोहल्ला फूलबाग में जुनैद अपनी पत्नी, मां और बहन के साथ रहता है। गुरुवार की सुबह उसके मकान पर बिजली गिर गई। इससे बिजली के उपकरण भी फुंक गए। बोर्ड से स्विच उखड़कर दूर जा गिरे। बिजली गिरने आसपास के लोग भी सहम गए। जुनैद के अनुसार बिजली गिरने से मकान की दीवारों में दरारें आ गईं। मकान के ऊपरी हिस्से का निर्माण दोबारा करना पड़ेगा।
गांव सैंडा में गिरा मकान, युवक घायल
कैला देवी थाना क्षेत्र के गांव सैंडा में पप्पू का मकान भरभरा कर गिर गया। मलबे की चपेट में आकर पप्पू का बेटा विक्रम घायल हो गया और घरेलू सामान भी नष्ट हो गया।
मकान की दीवार गिरी, लेंटर लटका
जुनावई : ग्राम पंचायत चबूतरा के मजरा फतेहपुर निवासी राजपाल अपने परिवार के साथ बुधवार की रात बरामदे में सो रहे थे। देर रात अचानक मकान की पिछली दीवार गिर गई। इससे लेंटर भी लटक गया। मलबा गिरने से कमरों में रखा सामान क्षतिग्रस्त हो गया। मकान गिरने की आवाज सुन पहुंचे लोगों ने परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला। मकान के दूसरे हिस्से भी में दरारें पड़ गईं। राजपाल के अनुसार करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ।
छत गिरने से पिता और दो पुत्र चोटिल
असमोली : थाना क्षेत्र के गांव बेला निवासी विजयपाल सिंह के घर की छत कच्ची है। वह बच्चों के साथ बरामदे में सो रहा था। तभी अचानक छत गिर गई। आसपास के लोगों ने मलबा हटाकर विजयपाल और उसके बेटों प्रिंस तथा वंश को बाहर निकाला। चोटिल हुए पिता-पुत्रों का उपचार निजी डॉक्टर से कराया गया है।
मकान और दीवारें गिरीं, दो बकरी चोटिल
कैला देवी : कैला देवी थाना क्षेत्र के गांव गौंहत में किसान जौदास के घर की दीवार गिर गई। बराबर में बंधे विजय सिंह के पशु बाल-बाल बच गए। सुरेंद्र के घर की दीवार भी दौरान गिर गई। चरन सिंह का कच्चा मकान भी गिर गया। मलबे में दबने से दो बकरी चोटिल हो गई और घरेलू सामान भी खराब हो गया।
थाने की दीवार गिरी, सड़क पर आया मलबा
रजपुरा : बारिश के बीच रजपुरा थाने की दीवार गिरने से मलबा सड़क पर आ गया। थाने में खड़े वाहन भी सड़क की तरफ आ गए। गनीमत रही कि हादसे के समय मार्ग पर कोई व्यक्ति नहीं था। मुख्य मार्ग पर मलबा होने के कारण रजपुरा चौराहा से पंजाब नेशनल बैंक की तरफ जाने वाला रास्ता बाधित हो गया। भारी वाहन से घंटों तक नहीं निकल सके। मलबा हटाने के बाद यातायात सुचारु हो सका।
ये भी पढ़ें:- संभल: ट्रेनों का संचालन शुरू, स्टेशन पर पसरा रहा सन्नाटा