संतकबीरनगर: पूर्व सांसद शरद त्रिपाठी की मनाई गई द्वितीय पुण्यतिथि, लोगों ने अर्पित की भावभीनी श्रद्धांजलि

संतकबीरनगर। अपने विकास कार्यों के दम पर उपेक्षा का शिकार रही महात्मा कबीर की निर्वाण स्थली कबीर चौरा मगहर का कायाकल्प कराने वाले लोकसभा क्षेत्र संतकबीरनगर के पूर्व सांसद शरद त्रिपाठी की द्वितीय पुण्यतिथि शुक्रवार को कबीर चौरा मगहर में मनाई गई। भारी बारिश के बावजूद पार्टी पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं और श्री त्रिपाठी के करीबियों ने आयोजन में सहभागी बनते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित किया।
इस मौके पर मौजूद लोगों को सम्बोधित करते हुए भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने कहा कि शरद त्रिपाठी जैसे ऊर्जावान नेता कभी कभार ही पैदा होते हैं। उन्होंने अल्प कार्यकाल में ही संतकबीरनगर जिले को देश और दुनिया में परिचित कराया था। संतकबीरनगर लोकसभा क्षेत्र का आवाज लगातार सदन में गूंजती थी।
कबीर निर्वाण स्थली पर प्रधानमंत्री मोदी जी को लाकर यहां कबीर एकेडमी समेत करोड़ों रुपए का विकास कराया था। तमाम प्रोजेक्ट पर आज भी काम चल रहे हैं। पूरे केंद्रीय मंत्री और खजनी विधायक श्रीराम चौहान ने कहा कि शरद त्रिपाठी जी बेहद ऊर्जावान नेता थे।
संतकबीरनगर लोकसभा क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा में शामिल कराने के साथ ही उन्होंने अपनी काबिलियत से साबित कर दिया था कि वे राजनीति में काफी आगे जाएंगे। लेकिन ईश्वर को कुछ और ही मंजूर था। जिसके चलते राजनीति का चमकता हुआ सितारा हमेशा के लिए विलुप्त हो गया। उनके निधन से संतकबीरनगर की बड़ी क्षति हुई है।
समारोह को कबीर चौरा के महंत विचार दास, क्षेत्रीय सांसद इं प्रवीण निषाद, विधायक अंकुर राज तिवारी, विधायक गणेश चौहान, विधायक अनिल त्रिपाठी, नगरपालिका खलीलाबाद के पूर्व चेयरमैन श्यामसुंदर वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष जगदम्बा प्रसाद श्रीवास्तव, नगर पंचायत की पूर्व चेयरमैन संगीता वर्मा आदि नेताओं ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता देवरिया के सांसद और पूर्व सांसद स्वर्गीय शरद त्रिपाठी के पिता डॉ रमापति राम त्रिपाठी ने किया।
उन्होंने सभी के प्रति आभार ज्ञापित करते हुए कहा कि शरद त्रिपाठी के हृदय में कबीर दास जी की विचारधारा का वास था। सर्वधर्म समभाव की भावना के साथ शरद त्रिपाठी ने कबीर चौरा और लोकसभा क्षेत्र संतकबीरनगर का विकास कराया। उनके अधूरे कार्यों को पूर्ण कराना और उनके बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या: जमीन बंटवारे के विवाद में पूर्व एमएलसी व उनकी दो बेटियों पर हमला, अस्पताल में रहा सपाइयों का जमावड़ा