लखनऊ निकाय चुनाव: हवलदार की पत्नी को मिली अब शहर की ''कमान'', कभी अटल के लिए सुषमा खर्कवाल ने खूब दौड़ाया था स्कूटर

लखनऊ निकाय चुनाव: हवलदार की पत्नी को मिली अब शहर की ''कमान'', कभी अटल के लिए सुषमा खर्कवाल ने खूब दौड़ाया था स्कूटर

लखनऊ/अमृत विचार। भारतीय जनता पार्टी की कार्यकर्ता सुषमा खर्कवाल ने राजनीति के पिच पर शानदार प्रदर्शन करने के साथ ही पत्नी और मां की जिम्मेदारी भी बखूबी निभाई। परिस्थितियां कैसी भी रही हो, उन्होंने कभी हार नहीं मानी। संघर्ष और मेहनत के दम पर उन्होंने पार्टी में अपनी पहचान बनाई। बीजेपी में वह कई पदों पर रह कर सेवा करती रही। पति सेना में थे और दो छोटे छोटे बच्चों की जिम्मेदारी खुद सुषमा पर थी।

इसके बावजूद सुषमा बीजेपी से जुड़ी रही और जो जिम्मेदारी दी गई, उसे बढ़-चढ़ कर निभाया। तकरीबन 35 वर्ष से वह बीजेपी के लिए काम कर रही थीं। सुषमा ने स्नातक तक की पढ़ाई उत्तराखंड से की। उनके परिवार में दो बेटे हैं। बड़ा बेटा मयंक एक कम्पनी में सीनियर पद पर है, जबकि दूसरा छोटा बेटा मनीष इंजीनियर है।

सुषमा बताती हैं कि उत्तराखंड बंटवारे के बाद भगत सिंह कोश्यारी ने उनसे उत्तराखंड चलने को कहा था। लेकिन वह नहीं गईं। उनके पति सेना में हवलदार पद से रिटायर हुए थे। उसके बाद वह विधान सभा में सहायक मार्शल के पद पर तैनात थे। पिछले वर्ष ही वह वहां से भी रिटायर हुए।

कभी अटल के लिए सुषमा ने खूब दौड़ाया था स्कूटर
पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल की और रैलियों में सुषमा हमेशा आगे दिखतीं। अटल जी उन्हें अच्छे से पहचानते थे। सुषमा खर्कवाल के अनुसार कि लखनऊ में अटल जी की कोई भी ऐसी सभा, रैली और रोड शो नहीं रहा होगा, जिसमें वह मौजूद न रही हों। वह बताती हैं कि एक बार कई महिलाएं एक साथ अटल जी से मिलने पहुंची। पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया भी मौजूद रही। सभी महिलाओं ने उनसे कहा कि आपने एक भी महिला को एमएलसी नहीं बनाया। इस पर अटल जी ने कहा था कि सीमा रिजवी को तो बनाया है। फिर उन्होंने कहा कि अरे यह सभी गुस्से में आईं हैं। लगता है भूखी हैं। इन्हें कुछ खिलाओ। सुषमा कहती हैं कि अटल जी अपने सभी कार्यकर्ताओं से बहुत स्नेह करते थे।

एक नजर में महापौर का परिचय
नाम- सुषमा खर्कवाल

पति का नाम- प्रेम खर्कवाल (रिटायर सैनिक )
उम्र - 59 वर्ष

निवास-बी -605, सेक्टर 8बी, एडब्ल्यूएचओ कॉलोनी, वृंदावन, लखनऊ
वार्ड- इब्राहिमपुर प्रथम

शिक्षा - श्रीनगर गढ़वाल विश्वविद्यालय, उत्तराखंड से स्नातक

सुषमा का राजनीतिक सफर

  1. तकरीबन 30 वर्षों से पार्टी में कार्यरत
  2. उत्तर प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की सदस्य है
  3. पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष महिला मोर्चा, पूर्व प्रदेश मंत्री महिला मोर्चा
  4. भारतीय पर्वतीय महासभा की राष्ट्रीय प्रभारी
  5.  भाजपा पश्चिम विस क्षेत्र मंडल-2 प्रभारी
  6. पूर्व महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री और अवध क्षेत्र की अध्यक्ष रहीं
  7. केंद्रीय दत्तक ग्रहण प्राधिकरण की सदस्य रहीं
  8. क्षेत्रीय रेल उपभोक्ता परामर्शदात्री समिति की सदस्य रही
  9. सैनिक कल्याण बोर्ड की सदस्य रहीं
  10. खाद्य रसद सलाहकार बोर्ड की सदस्य रहीं
  11. दूर संचार निगम की जिला स्तरीय सदस्य रहीं
  12. आर्मी वेलफेयर हाउसिंग आर्गेनाइजेशन की संयुक्त सचिव रहीं
  13. बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान भाजपा अवध क्षेत्र की संयोजक भी रह चुकी हैं।

यह भी पढ़ें:-UP Nikay Chunav 2023: नपा चित्रकूटधाम और मऊ-राजापुर में भाजपा, मानिकपुर में निर्दलीय का परचम