भाजपा के सत्ता के दिन लदने शुरू: अभय चौटाला

सिरसा। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के प्रधान महासचिव एवं ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी के सत्ता के दिन लदने शुरू हो चुके हैं। चौटाला ने कहा कि प्रदेश में इनेलो ही एकमात्र ऐसी राजनीतिक पार्टी है जिसमें सभी वर्गों के हित सुरक्षित हैं। इनेलो सामाजिक सारोकार रखते हुए अपने कार्यकर्ताओं को पूरा मान सम्मान देती है।
ये भी पढ़ें- भारत उपग्रह संचार के लिए स्पेक्ट्रम नीलामी आयोजित करने वाला पहला देश होगा: ट्राई प्रमुख
चौटाला मंगलवार को तेजाखेड़ा फार्म हाऊस पर सिरसा जिले के गांव आसाखेड़ा के सरपंच भादरराम सिंघाठिया, सोनू सरेलिया, हंसराज दुराण व हरिसिंह सिंघाठिया के जननायक जनता पार्टी (जजपा) व कांग्रेस छोड़कर इनेलो में शामिल होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस अवसर पर चौटाला ने इनेलो में शामिल होने वाले सरपंच व उनके सहयोगियों का गर्मजोशी से पार्टी में स्वागत करते हुए पार्टी चिन्ह की पट्टिकाएं पहनाई।
चौटाला ने इस अवसर पर कहा कि आज पूरे हरियाणा में ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोग भाजपा, कांग्रेस व जजपा छोड़कर इनेलो में शामिल हो रहे हैं क्योंकि प्रदेशवासियों को इस बात की जानकारी है कि हरियाणा और हरियाणावासियों का भला केवल इनेलो ही कर सकती है। उन्होंने कहा कि आने वाला समय इनेलो का है और पार्टी के सत्तासीन होते ही हरियाणा को एक बार फिर विकास के मार्ग पर तेजी से दौड़ाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आज महंगाई आसमान छू रही है,किसानों को उनकी फसल के दाम नहीं मिल रहे,घरेलू उपयोग में आने वाला गैस सिंलेडर एक हजार पार हो जाने से आम आदमी की पहुंच से दूर हो गया है। उन्होंने कहा कि सिरसा में मेडीकल कॉलेज की नींव रखने के साथ ही सस्ती लोकप्रियता पाने के लिए भाजपा व उसके सहयोगी दलों में होड मची हुई है जबकि सरकारी अस्पतालोंं में अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य सेवाओं का बुरा हाल है इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा।
सरकारी अस्पतालों में सुविधाओं के अभाव में मरीज कर्राह रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली एमसीडी व हिमाचल में भाजपा को मिली करारी शिकस्त से साफ हो गया है कि अब भाजपा के सत्ता के दिन लदने शुरू हो गए हैं। चौटाला ने इनेलो में शामिल होने वाले लोगों से पार्टी की कल्याणकारी नीतियों को जन जन तक पहुंचाकर पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत करने का आह्वान भी किया।
ये भी पढ़ें- जिन चीनी ऐप को प्रतिबंधित किया गया, उनमें से कई के साथ भाजपा के गहरे रिश्ते: कांग्रेस