लोहाघाट: छमनियां में जिला जेल के खिलाफ जनप्रतिनिधियों ने भी खोला मोर्चा  

लोहाघाट: छमनियां में जिला जेल के खिलाफ जनप्रतिनिधियों ने भी खोला मोर्चा  

लोहाघाट, अमृत विचार। छमनिया में जिला जेल बनाने के विरोध में विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठन के लोगों ने एसडीएम रिंकू बिष्ट के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में जेल बनने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है। 

लोगों ने कहा है कि जिला मुख्यालय चम्पावत की जेल सुंई के छमनियां चौड़ में स्थानांतरित करने के लिए भूमि का चयन किया जा रहा है। जिसका क्षेत्र की जनता विरोध करती है। नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने कहा कि छमनियां नामक स्थान एक पर्यटक स्थल है। यहां की जगह का चयन फिल्म सिटी के लिए किया गया है लेकिन प्रशासन एवं शासन की उदासीनता के कारण यह महत्वपूर्ण कार्य लंबित पड़ा हुआ है।

इस स्थान पर भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल की छावनी, राजीव नवोदय विद्यालय, राजकीय पालीटेक्निक, रोडवेज वर्कशाप, खाद्यान्न गोदाम, केन्द्रीय विद्यालय, राजकीय इंटर कालेज व प्राथमिक विद्यालय स्थित हैं। साथ ही इस स्थान पर कृषि अनुसंधान केन्द्र मौजूद है तथा कृषि महाविद्यालय की स्थापना के लिए भूमि चयनित है।

ऐसी स्थिति में इस स्थान पर जिला जेल बनाया जाना किसी भी दृष्टिकोण से उचित नहीं है। कहा कि प्रशासन द्वारा उक्त स्थल में जिला जेल का निर्माण करवाया जाता है तो लोहाघाट और आस-पास के गांवों की जनता आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य सचिन जोशी, ग्राम प्रधान भुवन चौबे, राजू गड़कोटी, लता वर्मा, मनोज राय, डा. महेश ढेक, चंद्र शेखर जोशी, दीपा गोस्वामी, जीवन गहतोड़ी, दीपक सुतेड़ी, सुनील आदि जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।

सामाजिक संगठन भी विरोध में 
चम्पावत। छमनियां चौड़ में प्रस्तावित जिला जेल का विरोध हर तरफ शुरू हो गया है। युवक एवं महिला मंगलदल सुंई पऊ, चनकांडे, खैसकांडे, शिक्षा उन्नयन समिति सुंई के पदाधिकारियों ने जिला जेल को छमनियां में शिफ्ट किए जाने की दशा में उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है। लोगों का कहना है कि उन्होंने वर्ष 1980 के दशक में छमनियां चौड़ में बन रही सीमेंट फैक्ट्री का जिस तरह विरोध किया था उसी तरह जिला जेल शिफ्ट किए जाने का भी विरोध किया जाएगा।

देवकी डुंगरिया, शेखर राम, हरीश चौबे, पप्पू ओली, बसंत चतुर्वेदी, देवकी ओली, शांति पांडेय, तुलसी पांडेय, मुन्नी खर्कवाल, तुलसी ओली, प्रेम चौबे, योगेश ओली, मदन पुजारी आदि ने कहा कि छमनियां सुंई क्षेत्र की जनता का गोचर पनघट है। अधिकांश जगह ग्रामीणों ने आइटीबीपी, कृषि विज्ञान केंद्र सहित विभिन्न संस्थाओं को प्रदान कर दी है। शेष हिस्से में जिला जेल शिफ्ट करने का प्रयास किया जा रहा है। कहा कि जनभावनाओं का सम्मान नहीं किया गया तो सुंई क्षेत्र की जनता आंदोलन शुरू कर देगी।

ताजा समाचार