हल्द्वानी: मालखाने में पूनम के असलहे, घर पर 24 घंटे नजर

हल्द्वानी, अमृत विचार। पूनम के घर पर पुलिस का पहरा है और सीसीटीवी से घर से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। घर में मौजूद पूनम के दो असलहे पुलिस के माल खाने में जमाकर दिए गए हैं। जबकि वारिसान का दावा करने वाले कथित बेटे और पति के पास अदालत जाने का रास्ता खुला है।
बता दें कि बीती आठ नवंबर को काठगोदाम थानाक्षेत्र नैनीताल रोड निवासी पूनम का निधन हो गया था। जिसके बाद पूनम के शव पर दो लोगों ने दावा ठोंका। पहले व्यक्ति डेनियल ने उसे अपनी पत्नी बताया। जबकि दूसरे पक्ष सन्नी ने खुद को पूनम का बेटा बताया। दोनों पक्ष सिटी मजिस्ट्रेट के सामने आपना दावा साबित नहीं कर सके। सिटी मजिस्ट्रेट के आदेश पर पुलिस न मौत के पांच दिन बाद पूनम के शव को ईसाई धर्म के अनुसार दफन किया। कयास है कि पूनम के पास करोड़ों की सम्पति है, इसी वजह से मौत के बाद दावेदार सामने आ गए।
इधर, सम्पति की रक्षा के लिए प्रशासन ने पूनम के घर पर सरकारी ताला लगा दिया है। साथ ही घर में मौजूद दो असलहे काठगोदाम पुलिस ने थाने के मालखाने में जमा दिए हैं। जिसमें एक डबल बैरेल बंदूक है। घर के बाद 24 घंटे सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है और पुलिस तैनात कर दी गई है। बता दें कि सिटी मजिस्ट्रेट के आदेश पर पूनम के बैंक खातों को भी असल वारिस मिलने तक के लिए सीज कर दिया गया है।