चित्रकूट: सचिव ने दी स्पष्ट सलाह, बोले- आय बढ़ाएंगे तभी मिल सकेगा वेतन
चित्रकूट, अमृत विचार । उत्तर प्रदेश नगर पालिका वित्तीय संसाधन विकास बोर्ड लखनऊ के सचिव पप्पू गुप्ता ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि नगर निकायों में संसाधन बढ़ाने के लिए आय बढ़ानी होगी। बुधवार को नगरपालिका तथा नगर पंचायतों के वित्तीय परिदृश्य पर चर्चा करते हुए सचिव ने यहां तक कहा कि आय बढ़ाएंगे …
चित्रकूट, अमृत विचार । उत्तर प्रदेश नगर पालिका वित्तीय संसाधन विकास बोर्ड लखनऊ के सचिव पप्पू गुप्ता ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि नगर निकायों में संसाधन बढ़ाने के लिए आय बढ़ानी होगी। बुधवार को नगरपालिका तथा नगर पंचायतों के वित्तीय परिदृश्य पर चर्चा करते हुए सचिव ने यहां तक कहा कि आय बढ़ाएंगे तो वेतन मिल सकेगा।
सचिव नपा वित्तीय संसाधन विकास बोर्ड ने उत्तर प्रदेश नगर पालिका वित्तीय संसाधन विकास बोर्ड के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि निकाय में वित्तीय संसाधनों को बढ़ाने की जानकारी इसके नियमों व एक्ट में दी गई है। बताया कि केंद्र सरकार के भवनों पर 1954 में हाउस टैक्स के बारे में संविधान में छूट तो दी गई है अब रेलवे स्टेशन, दूरभाष केंद्र, पोस्ट ऑफिस में आवागमन नगर क्षेत्र से होकर जाता है। ऐसे में केंद्र सरकार के इन भवनों से भी सेवा प्रभार कैसे लिया जाए, इसके लिए सरकार ने शासनादेश जारी किया है। आत्मनिर्भर भारत की बात हो रही है तो अगर नगर निकाय अपने आय के स्रोत नहीं बढ़ाएंगे तो नगरीय सुविधाएं कैसे दे पाएंगे।
उन्होंने अधिशासी अधिकारियों से कहा कि वे दायित्वों को समझें और वित्तीय संसाधन विकास बोर्ड में नियमों का अनुपालन करके आय बढ़ाएं कि वेतन आप लोगों को मिल सके। वेतन व मानदेय बढ़ाने से काम नहीं हो सकता है, संसाधन बढ़ाकर कार्य करें तभी आय में बढ़ोत्तरी होगी। अर्थ संख्या अधिकारी उत्तर प्रदेश नगरपालिका वित्तीय संसाधन विकास बोर्ड अशोक कुमार ने विभिन्न करों की जानकारी दी। उत्तर प्रदेश नगर पालिका विकास बोर्ड के आर्यन पाल ने कहा कि अधिनियम की धारा 128 के अधीन लगाए जाने वाले कर के दो मुख्य बिंदु अनिवार्य कर एवं एच्छिक कर हैं। अनिवार्य कर में चार कर निर्धारित किए गए हैं। तीन कर लगाया जाना आवश्यक है। बैठक में अधिशासी अधिकारी नगर पालिका रामअचल कुरील, मानिकपुर रामआशीष वर्मा, मऊ/ मानिकपुर बीएन कुशवाहा, एडीएम कुंवर बहादुर सिंह आदि मौजूद रहे।