मुरादाबाद: दिल्ली दरबार में बुलाए गए पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र चौधरी

मुरादाबाद: दिल्ली दरबार में बुलाए गए पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र चौधरी

आशुतोष मिश्र/ मुरादाबाद, अमृत विचार। कुशल संगठक प्रदेश के पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी बुधवार को दिल्ली दरबार में बुलाए गए। वह आजमगढ़ मंडल में प्रवास पर थे। अचानक उन्हें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के पास पहुंचने की जानकारी चर्चा में आ गयी। शाम को चौधरी के दिल्ली पहुंचे के बाद संगठन …

आशुतोष मिश्र/ मुरादाबाद, अमृत विचार। कुशल संगठक प्रदेश के पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी बुधवार को दिल्ली दरबार में बुलाए गए। वह आजमगढ़ मंडल में प्रवास पर थे। अचानक उन्हें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के पास पहुंचने की जानकारी चर्चा में आ गयी। शाम को चौधरी के दिल्ली पहुंचे के बाद संगठन के प्रदेश अध्यक्ष या उप मुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चा है। इस कयास से उनके समर्थक बाग-बाग हैं।

  • सपा प्रमुख मुलायम सिंह के खिलाफ लड़े थे लोकसभा चुनाव
  • जाट बिरादरी में पकड़, निष्ठावान सिपाही के रूप में जाने जाते हैं

सोशल मीडिया में इस कयास को पंख लगते ही भाजपाई उछल पड़े। शहर विधायक रितेश गुप्ता सहित मंत्री के कई समर्थकों के दिल्ली रवाना होने की बात चौपाल पर होने लगी। चौधरी संगठन के निष्ठावान सिपाही के रूप में जाने जाते हैं। जिले के महेंद्री सिकंदरपुर गांव निवासी चौधरी ने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की है। 1989 में भाजपा के प्राथमिक सदस्य बने और एक साल बाद उन्हें विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी दे दी गई। 1994 में इन्हें भाजपा का कोषाध्यक्ष बना दिया गया। वर्ष 1995 में महामंत्री की जिम्मेदारी मिल गई।

अभी साल भर ही बीता था कि 1996 में पार्टी ने जिलाध्यक्ष बना दिया। वर्ष 1999 के लोकसभा चुनाव में चौधरी तब चर्चा में आए, जब सपा के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के मुकाबले में चुनावी मैदान में उतरे। संभल क्षेत्र से चौधरी जीत तो नहीं सके। लेकिन, राजनीति में इनका नाम चर्चा में आ गया। 2002 से 2007 तक संगठन के मंडल संयोजक रहे। चार साल यानी 2011 तक पश्चिमी क्षेत्र के मंत्री की भूमिका का निर्वाह किया। इसके बाद 2018 तक क्षेत्रीय अध्यक्ष रहे। राज्य में 2017 के विधानसभा चुनाव के पहले पार्टी ने चौधरी को विधान परिषद में भेज दिया।

जाट बिरादरी पर मजबूत पकड़ वाले चौधरी प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर स्वतंत्र प्रभार के मंत्री बना दिए गए। पंचायती राज और लोक निर्माण विभाग के स्वतंत्र प्रभार के मंत्री का दो साल बाद यानी 2019 में कद बढ़ा दिया गया। इन्हें कैबिनेट में जगह मिल गयी। इस साल विधानसभा चुनाव में पश्चिमी यूपी में अपनी मेहनत का झंडा गाड़ने में चौधरी कामयाब रहे। क्षेत्र में भाजपा को आशातीत सफलता मिली। उसका परिणाम रहा कि सरकार में पद और विभाग बरकरार रहा। जबकि विधान परिषद में भी दोबारा भेज दिए गए।

सोशल मीडिया में भूपेंद्र चौधरी के आजमगढ़ से सीधे दिल्ली बुलाए जाने की खबर चर्चा में आ गई। सरकार ने उन्हें आजमगढ़ मंडल का प्रभारी बनाया है। दिल्ली में उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलने के चर्चे आम हो गए हैं। शहर विधायक रितेश गुप्ता ने दिल्ली बुलाए जाने की बात कही। अध्यक्ष अथवा उप मुख्यमंत्री के प्रश्न का उत्तर नहीं दिया। यह जरूर कहा कि अभी ऐसी किसी भी बात की पुष्टि नहीं है।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: सत्र के पांच माह बीते मगर किताबों से खाली अधिकांश बच्चों के बैग

ताजा समाचार