केन्द्र में बैठे लोगों की सोच किसान, युवा एवं दलित के उत्थान की बजाए सत्ता प्राप्ति- डोटासरा

जयपुर। राजस्थान के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने देश की जनता, किसान, युवा, महिला एवं दलितों के उत्थान का कार्य करते हुये भारत के लोकतंत्र को मजबूत करने में अपना योगदान दिया जबकि आज ऐसे लोग सत्ता में बैठे हैं जिनकी सोच देश का किसान, …
जयपुर। राजस्थान के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने देश की जनता, किसान, युवा, महिला एवं दलितों के उत्थान का कार्य करते हुये भारत के लोकतंत्र को मजबूत करने में अपना योगदान दिया जबकि आज ऐसे लोग सत्ता में बैठे हैं जिनकी सोच देश का किसान, युवा, महिला एवं दलित का उत्थान नहीं होकर सत्ता प्राप्ति है। डोटासरा राजीव गांधी की 78वीं जयंती के अवसर पर आज यहां प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर आयोजित विचार गोष्ठी में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश में परमाणु परीक्षण कर भारत को रक्षा क्षेत्र में मजबूती प्रदान करने सहित कई ऐतिहासिक काम किए और ऐसे महान् नेताओं के पदचिह्नों पर चलकर कांग्रेस पार्टी देश के विकास का कार्य करती है जबकि वर्तमान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने युवाओं से दो करोड़ रोजगार प्रतिवर्ष देने का वादा कर वोट लिये थे लेकिन रोजगार देने में भाजपा नीत केन्द्र सरकार पूरी तरह विफल रही है।
उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने नोटबंदी कर देश से भ्रष्टाचार, आतंकवाद, नकली नोट समाप्त करने का दावा किया था, किन्तु ना तो भ्रष्टाचार समाप्त हुआ, ना नकली नोट समाप्त हुये, बल्कि महीनों तक कतार में लगकर आमजनता को परेशानी उठानी पड़ी। उन्होंने कहा कि नोटबंदी का फैसला विपक्षी दलों को चुनाव के दौरान धन उपलब्ध ना हो इसलिये लिया गया था।
डोटासरा ने आरोप लगाते हुए कहा कि केन्द्र सरकार संवैधानिक संस्थाओं ईडी, सीबीआई, आईटी का दुरूपयोग विपक्ष के नेताओं के खिलाफ मुकद्में दर्ज कर रही है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की नीतियों से असहमति जताने वाले नेताओं एवं मीडिया संस्थानों के विरूद्ध केन्द्र सरकार के ईशारे पर संवैधानिक संस्थायें कार्यवाही करती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की केन्द्र सरकार सत्ता का दुरूपयोग कर रही है जिसका सबसे बड़ा उदाहरण उद्योगपतियों से प्रधानमंत्री केयर फण्ड में चंदे के रूप में राशि लेना तथा उसका हिसाब नहीं देना है। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा नये-नये कार्यालय बनाये जा रहे हैं किन्तु पीएम केयर फण्ड सहित अन्य कोष की ऑडिट नहीं करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री लालकिले से राजनीतिक भाषण देते हैं तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्यवाही करना बताते हैं।
उन्होंने कहा कि वास्तविकता यह है कि विपक्ष के नेताओं के खिलाफ संवैधानिक संस्थायें झूठे मुकद्में दर्ज कर कार्यवाही कर रही है जिसे जायज ठहराने के लिए यह वक्तव्य प्रधानमंत्री द्वारा दिया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता उन महान् नेताओं का अनुकरण करते हैं जिन्होंने देश का विकास करने तथा भारत का सम्मान विश्व में बढ़ाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि कांग्रेस कार्यकर्ता गॉंव-गॉंव, ढाणी-ढाणी में जाकर आमजन के बीच कांग्रेस के महान् नेताओं के योगदान की चर्चा करने के साथ ही भाजपा की केन्द्र सरकार द्वारा की गई वादाखिलाफी पर चर्चा करें क्योंकि आमजनता ही नहीं भाजपा के नेता भी अब कहने लग गये हैं कि मोदी का शासन हिटलरशाही की समस्त सीमाओं से आगे बढ़ चुका है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता कमर कसकर आमजनता के बीच कांग्रेस पार्टी की विचारधारा को लेकर जायें तथा केन्द्र सरकार की विफलताओं से जन-जन को अवगत करवाने के कार्य में जुट जायें जिससे वर्ष 2024 में केन्द्र से फासीवादी भाजपा सरकार की विदाई सुनिश्चित की जा सके। इससे पहले राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रृद्धांजलि दी गई। विचार गोष्ठी में एआईसीसी प्रवक्ता मोहन प्रकाश, खाद्य मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास एवं विषय विशेषज्ञ प्रो. बी एम शर्मा ने भी राजीव गांधी के व्यक्तित्व एवं उनके द्वारा देश के विकास में दिये गये योगदान पर प्रकाश डाला।
ये भी पढ़ें- कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह समेत 5 के खिलाफ केस दर्ज, जानें क्या है मामला