कानपुर: खुशी दुबे से जेल में मिली राज्य महिला आयोग की सदस्य पूनम, जाना हालचाल

कानपुर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य पूनम कपूर ने कानपुर देहात की माती जेल में बिकरू कांड की आरोपी खुशी दुबे से मुलाकात की और उसके हालचाल पूछे। पूनम कपूर ने उसे अच्छी इंसान बनकर जीने के टिप्स दिए। उन्होंने बताया कि खुशी दुबे ने अपने हाथ में अपना नाम लिख रखा था …
कानपुर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य पूनम कपूर ने कानपुर देहात की माती जेल में बिकरू कांड की आरोपी खुशी दुबे से मुलाकात की और उसके हालचाल पूछे। पूनम कपूर ने उसे अच्छी इंसान बनकर जीने के टिप्स दिए। उन्होंने बताया कि खुशी दुबे ने अपने हाथ में अपना नाम लिख रखा था जो उसने राज्य महिला आयोग की सदस्य को दिखाया भी। पूनम कपूर ने अन्य महिला कैदियों से भी बातचीत की।
खुशी दुबे से उनकी मुलाकात बातचीत राजनीतिक क्षेत्र में चर्चा का विषय रही। इससे पूर्व मिशन शक्ति 4.0 के अन्तर्गत सर्किट हाउस माती के सभागार में महिला आयोग की सदस्या पूनम कपूर ने महिला जन सुनवाई की। मालूम हो कि चुनाव के दौरान गैर भाजपा पार्टियों ने खुशी दुबे को ब्राह्मण उत्पीड़न का चेहरा के रूप में पेश किया था। उसका पति अमर दुबे बिकरू कांड का मुख्य आरोपी विकास दुबे का शार्प शूटर था। उसे हमीरपुर में एनकाउंटर में पुलिस ने ढेर कर दिया था।
इसकी ठोस शुरुआत बहुजन समाज पार्टी ने अयोध्या से की थी। बाद मे सपा और कांग्रेस ने भी खुशी दुबे से सहानुभूति दर्शाते हुए उसकी मां को टिकट का ऑफर भी दिया था। कांग्रेस ने तो उसकी बहन को कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की नीलिमा कटियार के विरुद्ध टिकट भी दिया था। ऐसे में भाजपा की वरिष्ठ नेता राज्य महिला आयोग की सदस्य पूनम कपूर की खुशी दुबे से जेल में भेंट चर्चा का विषय है।
इससे पूर्व आयोग की सदस्य पूनम कपूर ने महिला उत्पीड़न,घरेलू हिंसा व दहेज संबंधी करीब 16 मामलों की सुनवाई की जिसमें चार मामलों में पति-पत्नी का समझौता करा दिया गया। इस दौरान महिला आयोग की सदस्या ने पीड़ित महिलाओं को हर संभव मदद मुहैया कराए जाने के संबंध में आश्वासन भी दिया। पूनम कपूर ने कहा कि उत्पीड़न का शिकार कोई भी महिला व बालिका महिला जनसुनवाई में समस्याओं का त्वरित निदान पा सकती है।
महिला आयोग की सदस्य ने जिला कारागार का निरीक्षण किया, जहां पर महिला बंन्दियों से मुलाकात की तथा उनकी समस्याओं को सुना। इसके पश्चात महिला आयोग की सदस्य ने रनियां में वृद्धा आश्रम का भी निरीक्षण किया। महिला जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान भोगनीपुर क्षेत्राधिकारी तनु उपाध्याय, उप जिलाधिकारी अकबरपुर बागीश कुमार शुक्ल, दीपिका सक्सेना, संरक्षण अधिकारी धर्मेन्द्र ओझा आदि अधिकारीगण व पीड़ित महिलाऐं आदि उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:-खुशी दुबे से जेल में मिलीं राज्य महिला आयोग की सदस्य पूनम, अच्छी इंसान बनने के दिए टिप्स