बदायूं: 28 व 29 मार्च को रहेगी बैंकों की हड़ताल

बदायूं: 28 व 29 मार्च को रहेगी बैंकों की हड़ताल

बदायूं, अमृत विचार। ऑल इंडिया बैंक एम्प्लाइज एसोसिएशन के सहायक महामंत्री औत पाल सिंह ने बताया कि श्रमिक संगठन और स्वतंत्र ट्रेड यूनियन के आह्वान पर केंद्र सरकार की जन व श्रम विरोधी नीतियों के खिलाफ 12 सूत्रीय मांगों को लेकर 28 व 29 मार्च को बैंकों की हड़ताल रहेगी। ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन, …

बदायूं, अमृत विचार। ऑल इंडिया बैंक एम्प्लाइज एसोसिएशन के सहायक महामंत्री औत पाल सिंह ने बताया कि श्रमिक संगठन और स्वतंत्र ट्रेड यूनियन के आह्वान पर केंद्र सरकार की जन व श्रम विरोधी नीतियों के खिलाफ 12 सूत्रीय मांगों को लेकर 28 व 29 मार्च को बैंकों की हड़ताल रहेगी।

ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन, बैंक एम्प्लाइज फेडरेशन ऑफ इंडिया के अधिकारी व कर्मचारी इस राष्ट्रव्यापी हड़ताल में प्रतिभाग करेंगे। हड़ताल से बैंक, बीमा, बीएसएनएल, आयकर, पोस्ट ऑफिस, कोयला, रक्षा, आशा, आंगनवाड़ी, मध्याह्न भोजन, मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव, भवन निर्माण, सार्वजनिक उपक्रमों और अन्य संस्थानों में कामकाज ठप रहेगा।

उन्होंने बताया कि श्रमिक संगठन की मांग है कि चार लेबर कोड को समाप्त किया जाए। रक्षा क्षेत्र में हड़ताल पर रोक लगाने वाले कानून को भी निरस्त किया जाए। कृषि कानूनों के रद होने के बाद संयुक्त किसान मोर्चा से किए गए वादों को पूरा किया जाए। किसी भी रूप में निजीकरण स्वीकार नहीं है। निजीकरण और नेशनल मोनेटाइजेशन प्लान निरस्त किया जाए।

गैर आयकरदाता परिवारों को हर महीने 7500 रुपये और मुफ्त राशन सहायता मिले। मनरेगा के लिए आवंटन में वृद्धि और शहरी क्षेत्रों में रोजगार गारंटी योजना का विस्तार हो। आंगनवाड़ी, आशा, मध्याह्न भोजन और अन्य योजना वर्करों को मजदूर का दर्जा देकर उनके लिए वैधानिक न्यूनतम वेतन और सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जाए।

कोरोना महामारी के बीच लोगों की सेवा करने वाले फ्रंटलाइन वर्करों के लिए उचित सुरक्षा एवं बीमा प्रदान किया जाए। पेट्रोलियम उत्पादों पर केंद्रीय उत्पाद शुल्क में पर्याप्त कमी की जाए, मूल्य वृद्धि को रोकने के लिए ठोस उपचारात्मक उपाय किए जाएं। संविदा कर्मियों, योजना कर्मियों का नियमितीकरण करने और समान काम के लिए समान वेतन दिया जाए।

नई पेंशन स्कीम को निरस्त कर पुरानी पेंशन स्कीम बहाल करने के साथ कर्मचारी पेंशन योजना के तहत न्यूनतम पेंशन में पर्याप्त वृद्धि हो। आंदोलन के अंतर्गत 25 मार्च को प्रदर्शन व सभाएं की जाएंगी। निर्धारित दोनों तिथियों में हड़ताल होगी। धरना-प्रदर्शन के अलावा रैलियां निकाली
जाएंगी।

ये भी पढ़ें-

बदायूं:  बैंक मैनेजर हत्याकांड में नए सिरे से शुरू हुई जांच