अयोध्या की पांचों सीटों पर भाजपा को पुराने उम्मीदवारों पर भरोसा, अमित और आरती को मिली विरासत, बाबा, वेद और राम चन्दर पर फिर दांव

अयोध्या। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की 91 प्रत्याशियों की सूची आते ही अयोध्या की पांचों विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नाम की मुहर भी लग गई। पार्टी ने अयोध्या समेत तीन सीटों पर पुराने ही प्रत्याशियों पर एक बार फिर से दांव खेला है, जबकि बीकापुर की विधायक शोभा सिंह की जगह उनके पुत्र को …
अयोध्या। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की 91 प्रत्याशियों की सूची आते ही अयोध्या की पांचों विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नाम की मुहर भी लग गई। पार्टी ने अयोध्या समेत तीन सीटों पर पुराने ही प्रत्याशियों पर एक बार फिर से दांव खेला है, जबकि बीकापुर की विधायक शोभा सिंह की जगह उनके पुत्र को और गोसाईंगंज से विधायक रहे खब्बू तिवारी की जगह उनकी पत्नी आरती को टिकट दिया गया। दोपहर में सीटें फाइनल होने के बाद अयोध्या सीट पर अन्य दावेदारों के नाम की अटकलों पर भी विराम लग गया।
अयोध्या जनपद में पांच विधानसभा सीटें हैं। पिछली बार सभी सीटों पर भाजपा के प्रत्याशियों ने ही कब्जा जमाया था, लेकिन इस बार मुकाबला कड़ा दिख रहा है। सीधी टक्कर समाजवादी पार्टी (सपा) से है। 2017 में अयोध्या विधानसभा सीट पर वेद प्रकाश गुप्त, मिल्कीपुर से गोरखनाथ बाबा, रूदौली से रामचंद्र यादव, गोसाईगंज से इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू व बीकापुर से शोभा सिंह चौहान ने जीत दर्ज की थी।
इस बार फिर से अयोध्या, मिल्कीपुर व रूदौली में पुराने प्रत्याशियों पर ही भरोसा जताया गया है, लेकिन बीकापुर से विधायक रहीं शोभा सिंह चौहान को टिकट न देकर उनके बड़े बेटे अमित सिंह चौहान को प्रत्याशी बनाया है। गोसाईगंज के विधायक रहे खब्बू तिवारी फर्जी मार्कशीट मामले में जेल जाने के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता रद हो गई थी। इस बीच वहां समर्थकों ने खब्बू की पत्नी आरती तिवारी को चुनाव लड़ाने के लिए एड़ी से चोटी तक का जोर लगाया और उनकी मेहनत रंग लाई। पांचों सीटें जितनी भाजपा के लिए महत्वपूर्ण हैं उतनी ही सपा के लिए भी।
इसलिए सपा ने भी नया नौ दिन और पुराने सौ दिन वाली बात को मानते हुए 2012 व उससे पूर्व में भी जीते अपने नेताओं पर दांव खेला है। अयोध्या से पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे पवन, मिल्कीपुर से पूर्व कैबिनेट मंत्री अवधेश प्रसाद व गोसाईगंज से बाहुबली व पूर्व विधायक अभय सिंह को मैदान में उतारा है। हालांकि सपा ने रूदौली और बीकापुर में अपने पत्ते नहीं खोले हैं, लेकिन पार्टी सूत्रों का मानना है कि सपा प्रत्याशियों की अदला-बदली करने जा रही है। रूदौली के अब्बास अली जैदी रुश्दी मियां को बीकापुर से व आनंद सेन को रूदौली से चुनाव लड़ाने की तैयारी की जा रही है।
अयोध्या में सब अटकलें हुई फेल
शुक्रवार की दोपहर जैसे ही भाजपा ने प्रत्याशियों की घोषणा की तो अयोध्या समेत तीन सीटों पर 15 से 20 दावेदारों की सिट्टी पिट्टी गुम हो गई। यही नहीं सियासी पंडितों की भविष्यवाणियां भी फेल हो गईं। योगी के गोरखपुर से चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद यहां राजनीतिक गलियारों में भाजपा दावेदारों के तमाम नाम हिचकोले खा रहे थे। हर शख्स की जुबां पर अलग-अलग नेताओं का नाम था। रूदौली विधानसभा में भी यही हाल था।
टिकटों की अब तक ये है स्थिति
समाजवादी पार्टी ने अयोध्या, मिल्कीपुर, गोसाईगंज में प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। कांग्रेस ने भी बीकापुर, मिल्कीपुर व रूदौली में प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है। आम आदमी पार्टी ने चार सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा की है, जिसमें अयोध्या से शुभम श्रीवास्तव को टिकट मिला है। वहीं बसपा ने सिर्फ रूदौली में शहरयार खान को प्रत्याशी बनाया है। भाकपा ने भी सदर सीट से सूर्यकांत पांडे को उम्मीदवार बनाया है।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या में मौसम खेल रहा है ‘लुका-छिपी’, गुरुवार को रही गलन तो शुक्रवार को खिली धूप