पीलीभीत: अब डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के देने होंगे 50 रुपये

पीलीभीत: अब डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के देने होंगे 50 रुपये

पीलीभीत, अमृत विचार। शहर को साफ-सुथरा बनाने के लिए डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन योजना को धरातल पर उतारने का रास्ता साफ हो गया। योजना शुरू करने से पहले नगर पालिका की ओर से कूड़े को उठाने के लिए एक प्राइवेट संस्था को ठेका दिया है। हालांकि उपकरण नगर पालिका के ही होंगे। घर से कूड़ा उठवाने …

पीलीभीत, अमृत विचार। शहर को साफ-सुथरा बनाने के लिए डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन योजना को धरातल पर उतारने का रास्ता साफ हो गया। योजना शुरू करने से पहले नगर पालिका की ओर से कूड़े को उठाने के लिए एक प्राइवेट संस्था को ठेका दिया है। हालांकि उपकरण नगर पालिका के ही होंगे। घर से कूड़ा उठवाने के लिए शहरवासियों को प्रति माह पचास रुपये चुकाना पड़ेंगे।एक नवंबर से प्रक्रिया को लागू कर दिया है।

नगर पालिका परिषद क्षेत्र के 27 वार्डों में रहने वाली ढाई लाख की आबादी को साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था देने के लिए डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन योजना को लागू किया गया है। लंबे अरसे से शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन योजना लागू करने का कार्य अधर में था। लेकिन इधर बजट का अभाव होने के कारण ठेके पर रखे गए 180 आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारियों का वेतन न निकल पाने के कारण इस योजना को गति देते हुए लखनऊ की मनरेगा विकास समिति को दिया गया है।

अभी तक ट्रायल के तौर पर शहर के पांच वार्ड में इस योजना को शुरू किया गया था। अब इसे शहर के 27 वार्डों में लागू कर दिया है इस योजना को शुरू करने के लिए नगर पालिका की ओर से संस्था को 22 वाहन कूड़ा उठाने के लिए दिए गए है। इन वाहनों पर काम करने के लिए 32 कर्मचारी रखा जाएगा। जो प्रत्येक घर से कूड़ा इकट्ठा करेंगे।योजना को सफल बनाने के लिए शहरवासियों से प्रतिमाह धनराशि भी वसूली जाएगी। डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन योजना के तहत मकानों से 50 रुपये प्रतिमाह वसूले जाएंगे।

इसके अलावा दुकानदार, बारातघर या फिर होटल मालिक से नगर पालिका के गजट के हिसाब से रुपये लिए जाएंगे। दुकानदार, घर मालिक, बारातघर या फिर होटल मालिक की ओर से कूड़ा पास में ही रखवा दिया जाएगा। नगर पालिका की टीम वाहनों के साथ मौके पर पहुंचेगी और कूड़ा लेकर उसे निस्तारण प्लांट लेकर पहुंचाएगी। इसके साथ ही गीला, सूखा कचरा इकट्ठा करने के लिए हरा और नीला कूड़ेदान जगह-जगह रखे जाएंगे। कूड़ा फेंकने के लिए लोगों को बाहर नहीं जाना पड़ेगा। इसके साथ ही वार्ड में गंदगी भी नहीं फैलेगी। शहर साफ-सुथरा बन रहेगा।

शहर में एक दिन में 60 मीट्रिक टन कूड़ा
शहर में 59 मोहल्ले और करीब 20 कॉलोनियां है। इसके अलावा शहर के बाजार मिलकर करीब तीन किलोमीटर के दायरे में शहर आता है। पूरे शहर में एक दिन में करीब 60 मीट्रिक टन कूड़ा निकलता है। कर्मचारियों की संख्या कम होने के कारण शहर में जगह-जगह दोपहर बाद तक कूड़े के ढेर लगे मिलते हैं। ऐसे में शहर की सड़कों पर चलना भी दूभर रहता है।

वर्जन-
शहर को साफ-सुथरा बनाने के लिए पूरा प्रयास किया जा रहा है। डोर-टू-डोर कूूड़ा कलेक्शन योजना को लागू किया है। लखनऊ की एक फर्म को टेंडर दिया गया है। योजना को सफल बनाने में जनता का भी सहयोग लिया जाएगा। योजना के लागू होने के बाद लोगों को और अच्छी साफ-सफाई व्यवस्था देखने को मिलेगी —सुरेंद्र प्रताप, ईओ नगर पालिका