अल्मोड़ा: एक देश में दो हिंदुस्तान बनाने की साजिश कर रही भाजपा – राहुल

अल्मोड़ा: एक देश में दो हिंदुस्तान बनाने की साजिश कर रही भाजपा – राहुल

अल्मोड़ा, अमृत विचार। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि मोदी सरकार देश में दो हिंदुस्तान बनाने की साजिश कर रही है। देश में आम जनता की नहीं बल्कि एक राजा की सरकार चल रही है। जिसमें आम आदमी की कोई सुनवाई नहीं है। लेकिन इन विधानसभा चुनावों में उत्तराखंड की …

अल्मोड़ा, अमृत विचार। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि मोदी सरकार देश में दो हिंदुस्तान बनाने की साजिश कर रही है। देश में आम जनता की नहीं बल्कि एक राजा की सरकार चल रही है। जिसमें आम आदमी की कोई सुनवाई नहीं है। लेकिन इन विधानसभा चुनावों में उत्तराखंड की जनता यहां किसी राजा की नहीं बल्कि अपनी सरकार बनाने जा रही है। जिसमें जनता की आवाज को सुना जाएगा।

कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को जागेश्वर विधानसभा के दन्या खेल मैदान में कांग्रेस पार्टी के पक्ष में एक चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले लोकसभा चुनावों में लोगों को अच्छे दिनों के सपने दिखाए थे। लेकिन मोदी सरकार ने जनता को नोटबंदी, जीएसटी, बेरोजगारी और कोरोना काल में बेबसी के अलावा और कुछ नहीं दिया। भाजपा की नीतियों का सबसे अधिक बुरा प्रभाव निम्न वर्ग के लोगों पर पड़ा।

कोरोना काल के दौरान लोग अपने घरों तक पहुंचने के लिए कई दिनों तक अपने परिवार के साथ भूखे प्यासे पैदल सफर करते रहे। लेकिन भाजपा सरकार पर ऐसे लोगों को बेबसी का कोई असर नहीं पड़ा। राहुल ने कहा कि भाजपा झूठे वायदे कर देश में राज कर रही है। उन्होंने कहा कि आज देश में जनता की नहीं बल्कि एक राजा की सरकार चल रही है।

राहुल ने कहा कि मोदी सरकार पर उत्तराखंड के युवाओं के भविष्य के साथ छलावा किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्ववर्ती चुनावों में दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा तो किया। लेकिन आज देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने उस वायदे पर बात करना भी पसंद नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि अगर उत्तराखंड में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनी तो वह चार धाम चार काम की अपनी प्रतिबद्धता को पूरा करेगी। छोटे उद्यमियों को प्रोत्साहित किया जाएगा।

जबकि युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराई जाएंगी। महंगाई से लोगों को राहत दिलाई जाएगी। मुफ्त बिजली समेत रसोई गैस का सिलेंडर पांच सौ रुपये में उपलब्ध कराने, पांच लाख गरीब लोगों के खातों में चालीस हजार रुपये दिए जाने का काम किया जाएगा। राहुल गांधी ने दावा किया कि उत्तराखंड में कांग्रेस पार्टी बहुमत की सरकार बनाएगी और भाजपा को उसकी नीतियों का करारा जवाब दिया जाएगा। कार्यक्रम में राज्य सभा सांसद प्रदीप टम्टा, कुलदीप इंदौरा, जयश्री अग्रवाल, गोविंद कुंजवाल समेत अनेक पार्टी दिग्गज मौजूद रहे।

अब नहीं होती काले धन और पंद्रह लाख की बात
अमृत विचार, अल्मोड़ा : कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कालेधन और देश के हर व्यक्ति के खाते में पंद्रह लाख रुपये आने की बात नहीं करते। उन्होंने आरोप लगाया कि आज भाजपा ने हिंदुस्तान को दो हिस्सों में बांट दिया। एक वह जिसमें मोदी सरकार देश के कुछ चुनिंदा अरबपतियों के लिए काम रही है और दूसरा वह जहां छोटे व्यापारी, किसान और आम आदमी मोदी सरकार की नीतियों से त्रस्त होकर आत्महत्या को मजबूर हो रहे हैं।

कांग्रेस पार्टी लेकर आएगी न्याय योजना
अमृत विचार, अल्मोड़ा : कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सरकार बनने के बाद न्याय योजना लेकर आएगी। जिसका लक्ष्य सभी की रक्षा करने के साथ ही हर व्यक्ति तक बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराना होगा। इस योजना के शुरू होने के बाद हर व्यक्ति की आवाज को सुनने का काम सरकार द्वारा किया जाएगा।