कर्नाटक: 10 दिन में तीन हत्या, मंगलुरु में युवक को चाकू घोंपा, CM बोले- UP मॉडल कहिए या कर्नाटक मॉडल, सख्त एक्शन होगा

कर्नाटक: 10 दिन में तीन हत्या, मंगलुरु में युवक को चाकू घोंपा, CM बोले- UP मॉडल कहिए या कर्नाटक मॉडल, सख्त एक्शन होगा

बेंगलुरु। कर्नाटक के मंगलुरु में गुरुवार शाम कुछ नकाबपोश हमलावरों ने एक युवक को बेरहमी से पीटा और फिर चाकू से हमला कर दिया। हमले में घायल मो. फाजिल की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। एडीजीपी आलोक कुमार ने बताया कि बीती शाम एक मारपीट का मामला सामने आया है जिसमें फाजिल नाम …

बेंगलुरु। कर्नाटक के मंगलुरु में गुरुवार शाम कुछ नकाबपोश हमलावरों ने एक युवक को बेरहमी से पीटा और फिर चाकू से हमला कर दिया। हमले में घायल मो. फाजिल की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।

एडीजीपी आलोक कुमार ने बताया कि बीती शाम एक मारपीट का मामला सामने आया है जिसमें फाजिल नाम के एक शख्स की मौत हो गई है। अनके अंतिम संस्कार की विधि संपन्न हो चुकी है। स्थिति शांतिपूर्ण है। हमारे अधिकारी जांच में जुटे हैं। हमारे पास CCTV फुटेज है। हमें सभी फुटेज की जांच करनी होगी। एक वाहन का इस्तेमाल अपराध के लिए किया गया है। वह वाहन हमें कुछ लीड दे सकता है। हमें यकीन है कि हम बहुत जल्द इस मामले को सुलझा लेंगे। मैं सभी से शांति बनाए रखने की अपील करता हूं।

कर्नाटक में 10 दिन में ये तीसरी हत्या है। 26 जुलाई को दक्षिण कन्नड़ जिले में भाजयुमो नेता की हत्या की गई थी। दक्षिण कन्नड़ में ही 19 जुलाई को मो. मसूद पर 8 लोगों ने हमला किया था। उनकी भी इलाज के दौरान मौत हो गई। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने शुक्रवार को कहा कि हमारे लिए सभी घटनाएं समान हैं और लोगों का जीवन हमारे लिए कीमती है। हम तीनों (हत्या) मामलों में कड़ी कार्रवाई करेंगे। जब भी आवश्यक होगा हम कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई करेंगे। यह यूपी मॉडल या कर्नाटक मॉडल हो सकता है। कर्नाटक सरकार ने प्रवीण (भाजपा युवा मोर्चा कार्यकर्ता प्रवीण नेट्टारू) हत्याकांड मामले को NIA को सौंपने का फैसला किया है।

गुरुवार शाम जिस युवक की हत्या हुई, उसका नाम मंगलपेटे निवासी मोहम्मद फाजिल है। पुलिस ने बताया कि सुरथकल इलाके में फाजिल की हत्या तब हुई, जब वो कपड़े की दुकान के बाहर अपने परिचित से बात कर रहे थे। चार लोग कार से आए और उस पर हमला किया। चारों लोगों ने चेहरे को ढंक रखा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फाजिल पुलिस का इंफॉर्मर था।

इस मामले में पुलिस ने 12 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। कृष्णापुर, कुलाई, सूरतकल में 144 लागू की गई है। मंगलुरु शहर के पुलिस कमिश्नर एन. शशिकुमार ने कहा कि सीसीटीवी में जिस व्यक्ति की पहचान की गई है, उसकी तलाश जारी है।

ये भी पढ़ें : कर्नाटक में BJP नेता की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या, बाइक से आए थे हमलावर