अयोध्या: विजयदशमी कल… विसर्जित होंगी देवी मूर्तियां, चौक में जलेगा 40 फीट का रावण

अयोध्या: विजयदशमी कल… विसर्जित होंगी देवी मूर्तियां, चौक में जलेगा 40 फीट का रावण

अयोध्या। नौ दिन तक देवी मां के पूजन-अर्चन के बाद बुधवार को विजयदशमी पर उनकी विदाई कर दी जाएगी। विसर्जन को सकुशल संपन्न कराने के लिए मंगलवार को जिला प्रशासन के अधिकारी दिन-भर भागदौड़ में लगे रहे। रात में जीआईसी में मूर्तियां एकत्रित होने के बाद सुबह 11 बजे फतेहगंज चौक, रिकाबगंज होते हुए गुप्तारघाट …

अयोध्या। नौ दिन तक देवी मां के पूजन-अर्चन के बाद बुधवार को विजयदशमी पर उनकी विदाई कर दी जाएगी। विसर्जन को सकुशल संपन्न कराने के लिए मंगलवार को जिला प्रशासन के अधिकारी दिन-भर भागदौड़ में लगे रहे। रात में जीआईसी में मूर्तियां एकत्रित होने के बाद सुबह 11 बजे फतेहगंज चौक, रिकाबगंज होते हुए गुप्तारघाट के निर्मली कुंड तक जाएंगी।

शोभायात्राओं को देखते हुए विसर्जन स्थल को जोन व सेक्टर में बांटा गया है। पंडालों से निकलकर बाहर आने वाली देवियों को देखने के लिए शहर में भारी भीड़ जुटने का अनुमान है। आस-पास के जिलों से भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जुड़वा शहरों में विजयदशमी पर रावण के 9 पुतले दहन किए जाएंगे।

एसपी सिटी मधुबन सिंह ने बताया कि मूर्ति विसर्जन को लेकर निर्मली कुंड का जिला प्रशासन के अधिकारियों व केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष व पदाधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया जा चुका है। बुधवार को सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ पीएसी व सिविल ड्रेस में भी फोर्स तैनात रहेगी। जीआईसी में नंबर से मूर्तियां निकलेंगी। एडीएम सिटी सलिल पटेल ने बताया कि विसर्जन के दौरान आड़े आ रहे तारों को भी हटाने के निर्देश दिए गए हैं। केंद्रीय दुर्गा पूजा एवं रामलीला समन्वय समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने बताया कि जिला प्रशासन पूरी तैयारी कर चुका है। भजन-कीर्तन कर मां के जयकारे लगाते हुए मूर्तियों का विसर्जन होगा।

नवमी पर मंदिरों में हवन-पूजा को पहुंचे भक्त
नवरात्र की नवमी पर माता के मंदिरों में पूजन-अर्चन व हवन करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़Þी। छोटी और बड़ी देवकाली मंदिर में भक्तों का सुबह से ही जमावड़ा दिखा। कैंट स्थित पाटेश्वरी माता, मरी माता, रुदौली स्थित कामख्या धाम में भी भारी संख्या में भक्त पहुंचे। इसी के साथ 9 दिन के व्रतियों ने भी पारन कर लिया। शाम होते-होते दशहरा मेला देखने के लिए सड़कों पर लोग उमड़ पड़े। देवी पंडालों पर मां सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।

रावण दहन के दौरान होगी आतिशबाजियां
विजयादशमी पर जुड़वा शहरों में 9 स्थानों पर रावण का दहन होगा। हर्ष, उल्लास और असत्य पर सत्य के विजय के प्रतीक पर्व पर जगह-जगह चल रही रामलीलाओं में भगवान राम के द्वारा रावण का वध किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान आतिशबाजी भी होंगी। साहबगंज, फतेहगंज, हैदरगंज, चौक टकसाल, हौसला नगर, वजीरगंज जब्ती, शंकरगढ़, राजेंद्र निवासी और फिल्मी सितारों की रामलीला में भी रावण का दहन होगा।

टकसाल रामलीला समिति के अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रवाल ने बताया कि इस बार 40 फीट ऊंचे रावण का दहन किया जाएगा। मुमताज नगर में हिंदू मुस्लिम एकता की मिसाल के रूप में चर्चित मुमताज नगर रामलीला समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि गांव का ही कारीगर रावण के साथ मेघनाद व अन्य का पुतला तैयार कर रहा है। रावण का पुतला 30 फीट से ज्यादा ऊंचा बनाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें:-विजयदशमी को राम की नगरी अयोध्या से रवाना होगी श्रीराम दिग्विजय रथयात्रा