अयोध्या: मकान के विवाद में हुई मारपीट, बालिका समेत दो घायल

अयोध्या। तारुन थाना क्षेत्र अंतर्गत पिछौरा गांव में मकान के विवाद को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। जिसमें एक बालिका व एक महिला घायल हो गए हैं। परिवार के कुछ और लोगों को भी चोटें आईं हैं। गंभीर रूप से घायल बालिका व महिला को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पीड़ित पक्ष …
अयोध्या। तारुन थाना क्षेत्र अंतर्गत पिछौरा गांव में मकान के विवाद को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। जिसमें एक बालिका व एक महिला घायल हो गए हैं। परिवार के कुछ और लोगों को भी चोटें आईं हैं। गंभीर रूप से घायल बालिका व महिला को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को घटना की तहरीर दी है।
तारुन थाना क्षेत्र के पिछौरा गांव निवासी रामराज पुत्र राम सकल ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि विपक्षी जितेंद्र देव पुत्र बृजलाल और उनके बीच मकान के विवाद के चलते पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को सोमवार शाम को थाने पर बुलाया था।
जब वह अपने बेटे अजय के साथ थाने जाने लगा तब विपक्षी जितेंद्र देव पुत्र बृजलाल, बृजेश पुत्र राम संवारे व उसके रिश्तेदारों ने मिलकर उनके बड़े भाई की छोटी बहू खुशबू पत्नी पवन, नैंसी पुत्री शिव कुमार को लाठी, डंडे और ईट से मारते हुए बुरी तरह से घायल कर दिया। जिससे दोनों के सिर पर गंभीर चोटे आई हैं। जब तक हल्ला गुहार सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचते तब तक विपक्षी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
सभी घायलों को सीएससी तारुन ले जाया गया जहां से घायल खुशबू और नैंसी को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष आशीष कुमार राय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं दूसरे पक्ष से भी एक दिन पहले मुकदमा दर्ज हुआ था। उन्होंने बताया दोनों केस की जांच चल रही है।