कुरुक्षेत्र में बनने जा रहा है विश्वस्तरीय वर्चुअल संग्रहालय, महाभारत और गीता से जुड़ी ये होंगी खासियत
चंडीगढ़। केंद्र और हरियाणा सरकार संयुक्त रूप से कुरुक्षेत्र में महाभारत और गीता से संदर्भित एक विश्वस्तरीय वर्चुअल संग्रहालय स्थापित करेगी। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने आज नई दिल्ली में राज्य की विभिन्न पर्यटन परियोजनाओं की प्रगति और कार्यों के संदर्भ में केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल के साथ बैठक की …
चंडीगढ़। केंद्र और हरियाणा सरकार संयुक्त रूप से कुरुक्षेत्र में महाभारत और गीता से संदर्भित एक विश्वस्तरीय वर्चुअल संग्रहालय स्थापित करेगी। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने आज नई दिल्ली में राज्य की विभिन्न पर्यटन परियोजनाओं की प्रगति और कार्यों के संदर्भ में केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल के साथ बैठक की जिसमें कुरुक्षेत्र, आदिबद्री, राखी गढ़ी, साइंस सिटी, एडवेंचर टूरिज्म और कुछ अन्य बिंदुओं पर विचार विमर्श हुआ।
बाद में मीडिया से बातचीत में श्री पटेल ने कहा कि हरियाणा सरकार का महाभारत और गीता से संदर्भित वर्चुअल संग्रहालय स्थापित करने का प्रस्ताव है जिससे केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय भी प्रभावित है तथा यह संग्रहालय संयुक्त रूप से स्थापित किया जाएगा। उन्होंने हरियाणा सरकार की सराहना करते हुये कहा कि उसने पर्यटन क्षेत्र में अपने स्वयं के संसाधनों से बड़े कार्य किए हैं। राज्य में कृष्णा सर्किट-एक पूर्ण कर लिया है और कृष्णा सर्किट-दो की योजना तैयार है।
खट्टर ने इस दौरान कहा कि श्री पटेल ने कई परियोजनाओं और बिंदुओं पर सहमति जताई गई है। बैठक में केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय के उच्चाधिकारियों के अलावा हरियाणा के मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वी. उमाशंकर और नगर एवं आयोजना विभाग हरियाणा के प्रधान सचिव ए. के. सिंह भी मौजूद रहे।