मुरादाबाद : बड़े बकायेदारों के खिलाफ हुई कार्रवाई, 28 प्रतिष्ठान सील, 82 लाख से अधिक की वसूली

मुरादाबाद, अमृत विचार। वित्तीय वर्ष की समाप्ति के आखिरी दिनों में नगर निगम प्रशासन गृहकर व जलकर बकाया वसूली को लेकर सख्त है। हर दिन प्रतिष्ठान सील कर बकाया राजस्व की वसूली की जा रही है। गुरुवार को निगम की टीम ने 28 प्रतिष्ठानों को बकाया के चलते सील कर दिए। वहीं 82 लाख रुपये से अधिक की कर वसूली की गई। सील किए प्रतिष्ठानों पर कुर्की व नीलामी की नोटिस भी चस्पा की गई। बुधवार को भी टीम ने बकाये में 14 प्रतिष्ठानों को सील कर 81.55 लाख रुपये की कर वसूली की थी। साथ ही दो बैंक खातों को भी फ्रीज किया था।
नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल के निर्देश पर मुख्य कर निर्धारण अधिकारी आरती सिंह, कर निर्धारण अधिकारी प्रमोद कुमार ने कर अधीक्षकों व राजस्व निरीक्षकों के साथ महानगर के विभिन्न जगहों पर पहुंचकर बकाया वसूली के लिए कार्रवाई की। जिसने बकाया नहीं जमा किया उसका प्रतिष्ठान सील कर दिया। टीम की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। कई जगह दुकानदारों ने और समय देने की मांग की लेकिन, निगम के अधिकारियों ने कहा कि हर हाल में बकाया जमा करें तभी राहत मिलेगी।
जिन प्रतिष्ठानों को सील किया गया इसमें संदीप कक्कड़ मझोला पर 14,14,920 रुपये बकाया के चलते संपत्ति सील कर दी गई। इनके अलावा मझोला के रविन्द्र कुमार पर 1,44,041 रुपये, खुशहालपुर में बबीता शर्मा पर 1,19,435 का टैक्स बकाया था जिस पर संपत्ति को सील कर दिया गया। वहीं मिलन विहार में संजीव कुमार पर 3,00,824 बकाया, सरदार अहमद पर 10,40,320 बकाया था। जिसमें से 50,000 जमा करने के बाद भी संपत्ति सील कर दी गई। वहीं तुलिका जानी पर 9,00,000 बकाया था जिसमें 2,50,000 जमा करने के बाद भी संपत्ति सील हुई। साथ ही हयात नगर के ताज हुसैन पर 4,16,704 बकाया था जिस पर संपत्ति सील कर कुर्की नोटिस चस्पा कर दिया गया। पीतल नगरी के रिजाउद्दीन पर 11,79,914 बकाया था। जिसमें से 2,00,000 जमा किया गया, इसके बाद भी संपत्ति को सील किया गया।
वहीं इसके अलावा मोहल्ला करूला, मिलन विहार, पंडित नगला, दिल्ली रोड, आशियाना सहित अन्य कई क्षेत्रों में 20 अन्य संपत्तियों को भी सील किया गया। टीम के पहुंचने पर पीतल नगरी के फरीद ने बकाया राशि 3,41,448 जमा कर दिया। जिससे उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। इस दौरान मुख्य कर निर्धारण अधिकारी आरती सिंह, कर निर्धारण अधिकारी प्रमोद कुमार, कर अधीक्षक मंगल सिंह पापड़ा, प्रदीप कुमार चौधरी के अलावा सभी राजस्व निरीक्षक/कर संग्रहकर्ता व प्रवर्तन दल की टीम मौजूद रही। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी ने कहा कि कार्रवाई के दौरान गुरुवार को टीम ने 82,74,322 की कर वसूली कर राजकोष में जमा कराया है। यदि समय रहते कर जमा नहीं किया तो बकायेदारों की संपत्तियों को सील कर राजस्व वसूली अधिनियम के तहत कुर्की व अन्य विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढे़ं : मुरादाबाद : 30 अप्रैल तक रद्द रहेगी राज्यरानी एक्सप्रेस समेत छह ट्रेनें, गरीब रथ भी शॉर्ट टर्मिनेट...जानिए क्यों?